लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजसमन्द। (गौतम शर्मा) राजसमन्द जिले के चौकड़ी क्षेत्र में गौमाता की सेवा एवं संरक्षण के उद्देश्य से गांव चौकड़ी में गौसेवा कार्य की विधिवत शुरुआत की गई। इस अवसर पर ग्रामीणों एवं गौभक्तों की उपस्थिति में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक विधि-विधान से गौसेवा की नींव रखी गई।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने गौसेवा को सनातन संस्कृति की आधारशिला बताते हुए कहा कि गौमाता की सेवा से समाज में संस्कार, सद्भाव और करुणा का भाव विकसित होता है। गांव के लक्ष्मण सिंह ने बताया कि गौसंरक्षण केवल धार्मिक कर्तव्य ही नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व भी है।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से गौसंरक्षण का संकल्प लिया। साथ ही भविष्य में गौशाला संचालन, चारा-पानी की समुचित व्यवस्था तथा बीमार एवं असहाय गौवंश की सेवा हेतु सहयोग का आश्वासन दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया, जिससे पूरे गांव में धार्मिक उल्लास और उत्साह का माहौल बना रहा। गौशाला निर्माण को गांव के लिए पुण्य कार्य बताते हुए इसे आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत बताया गया।
इस शुभ अवसर पर गांव में उत्सव जैसा वातावरण देखने को मिला और ‘गौमाता की जय’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गौभक्त एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।













































