लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अकादमिक उत्कृष्टता और संस्थागत विकास को मिलेगी नई दिशा: डॉ. एसके बंसल
बीकानेर। बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय (बीटीयू) के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. एसके बंसल को विश्वविद्यालय के इंटरनल क्वालिटी एश्योरेंस सेल (IQAC) का नया निदेशक नियुक्त किया गया है।
बीटीयू के जनसंपर्क अधिकारी विक्रम राठौड़ ने बताया कि कुलगुरु प्रो. अखिल रंजन गर्ग के निर्देश पर कुलसचिव की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं। आदेश के अनुसार डॉ. बंसल को अगले आदेश तक आईक्यूएसी निदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता को मजबूत करने पर जोर
नियुक्ति के बाद डॉ. एसके बंसल ने कुलगुरु प्रो. अखिल रंजन गर्ग का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि बीटीयू के अकादमिक मानकों के विस्तार और तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता संवर्धन की दिशा में प्रभावी कार्य किया जाए।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में तकनीकी शिक्षा को और अधिक सुदृढ़ करने, शैक्षणिक एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं में श्रेष्ठ मानकों को प्रभावी रूप से लागू करने तथा अकादमिक गुणवत्ता से जुड़ी गतिविधियों को व्यवस्थित और परिणामोन्मुख बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
नैक और एनबीए एक्रेडिटेशन सहित कई क्षेत्रों पर रहेगा फोकस
डॉ. बंसल ने बताया कि विश्वविद्यालय के विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर सीएएस से संबंधित मामलों, नैक और एनबीए एक्रेडिटेशन, फैकल्टी एवं स्टाफ भर्ती, अकादमिक, परीक्षा और प्रशासनिक सुधारों के लिए समग्र योजना पर प्राथमिकता से कार्य किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि गुणवत्ता सुधार से जुड़ी गतिविधियों को गति देने के साथ-साथ अकादमिक उत्कृष्टता को बढ़ावा देने, मूल्यांकन व्यवस्था को बेहतर बनाने और सतत सुधार की प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर रहेगा।
उन्होंने उम्मीद जताई कि इन प्रयासों से बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय की अकादमिक उत्कृष्टता, गुणवत्ता संवर्धन और संस्थागत विकास को नई दिशा मिलेगी।
पहले भी संभाल चुके हैं कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां
गौरतलब है कि डॉ. एसके बंसल इससे पहले बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय में प्राचार्य, डीन फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग और रजिस्ट्रार सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन में उनके पूर्व अनुभव को देखते हुए नई जिम्मेदारी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

















































