लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मकराना (प्रदीप कुमार डागा): मकराना में बढ़ती भीषण गर्मी और तेज लू के चलते श्रमिकों की परेशानियों को देखते हुए नगर परिषद की निवर्तमान पार्षद निरमा परेवा ने बड़ा मुद्दा उठाया है।
पार्षद ने डीडवाना-कुचामन जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर मुख्यमंत्री शहरी रोजगार गारंटी योजना के तहत कार्यरत श्रमिकों के कार्य समय में तत्काल बदलाव की मांग की है।
उन्होंने पत्र में बताया कि इस योजना के अंतर्गत 18 से 60 वर्ष तक के पुरुष और महिलाएं कार्य कर रहे हैं, जिनमें महिलाओं की संख्या अधिक है। श्रमिकों द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर पौधों को पानी देना, सफाई करना और सड़कों के किनारे उगी कंटीली झाड़ियों को हटाने जैसे कठिन कार्य किए जा रहे हैं।
गर्मी से बिगड़ रही श्रमिकों की सेहत
भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के कारण श्रमिकों को गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। कई श्रमिकों को काम के दौरान उल्टी-दस्त, चक्कर आना और लू लगने जैसी शिकायतें हो रही हैं, जो उनके लिए जोखिम भरी स्थिति पैदा कर रही हैं।
सुबह 6 बजे से काम शुरू करने का सुझाव
निरमा परेवा ने मांग की है कि श्रमिकों को राहत देने के लिए कार्य समय में बदलाव किया जाए। उन्होंने सुझाव दिया कि काम सुबह 6 बजे से शुरू कराया जाए, ताकि श्रमिक तेज धूप से पहले अपना कार्य पूरा कर सकें।
इसके साथ ही कार्यस्थलों पर छाया और ठंडे पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है।
प्रशासन से जल्द निर्णय की अपील
पार्षद ने जिला प्रशासन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए जल्द आदेश जारी करने की अपील की है, ताकि इस भीषण गर्मी में श्रमिकों को राहत मिल सके और उनकी सेहत सुरक्षित रह सके।















































