लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भरतपुर । भरतपुर शहर के मथुरा गेट थाना क्षेत्र स्थित सारस चौराहे के पास एक टूरिस्ट गेस्ट हाउस पर पुलिस ने छापेमार कार्रवाई करते हुए कथित देह व्यापार के रैकेट का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गेस्ट हाउस संचालक को गिरफ्तार किया, जबकि मौके से नौ महिलाओं, कई ग्राहकों और एक नाबालिग किशोरी को बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, सीओ सिटी आशिमा वासवानी के नेतृत्व में मथुरा गेट थाना पुलिस और सीओ सर्किल की टीम ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त गेस्ट हाउस में लंबे समय से कथित रूप से अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। 
सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस ने पहले एक बोगस ग्राहक भेजकर जानकारी की पुष्टि की। इसके बाद पुलिस टीम ने गेस्ट हाउस पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान नौ महिलाओं और कई ग्राहकों के अलावा एक नाबालिग किशोरी भी मिली। नाबालिग के मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कानूनी धाराओं में कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने गेस्ट हाउस के संचालक छोटू यादव को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट तथा अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम (पीटा एक्ट) के तहत मामला दर्ज किया है। इसके अलावा गेस्ट हाउस से अवैध शराब बरामद होने पर आबकारी अधिनियम के तहत भी अलग से प्रकरण दर्ज किया गया है।
सीओ सिटी आशिमा वासवानी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि गेस्ट हाउस में यह कथित अवैध गतिविधि लंबे समय से संचालित हो रही थी। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है तथा गेस्ट हाउस के मालिक के खिलाफ भी नामजद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।










































