लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर (रूपनारायण सांवरिया)। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं अनुशासित बनाने के उद्देश्य से राजस्थान पुलिस ने प्रदेशव्यापी विशेष प्रवर्तन अभियान शुरू किया है। 2 जुलाई से 16 जुलाई 2026 तक चलने वाले इस अभियान के तहत बिना हेलमेट वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग, अवैध पार्किंग और राष्ट्रीय राजमार्गों पर लेन अनुशासन का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देश तथा महानिदेशक पुलिस (प्रशिक्षण एवं यातायात) अनिल पालिवाल के पर्यवेक्षण में प्रदेश के सभी जिलों में यह अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई के साथ-साथ सड़क सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा ने बताया कि अभियान के तहत “बिना हेलमेट नहीं सफर”, “चालक एवं सहयात्री दोनों के लिए हेलमेट अनिवार्य” तथा “आईएसआई मार्क हेलमेट ही जीवन रक्षा का साधन” जैसे संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग यातायात नियमों का पालन करें।
पहले दिन की कार्रवाई
राजस्थान पुलिस के अनुसार, अभियान के पहले दिन यानी 2 जुलाई को पूरे प्रदेश में 18,477 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें—
- 7,104 बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालक
- 5,133 ओवरस्पीडिंग करने वाले चालक
- 3,082 राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों सहित अन्य सड़कों पर अवैध पार्किंग करने वाले वाहन चालक
- 3,158 राष्ट्रीय राजमार्गों (6-लेन/एक्सप्रेस-वे) पर लेन अनुशासन का उल्लंघन करने वाले वाहन चालक शामिल हैं।

पुलिस की अपील
राजस्थान पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए दोपहिया वाहन चलाते समय चालक और पीछे बैठने वाला व्यक्ति दोनों हेलमेट अवश्य पहनें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें, अधिकृत स्थानों पर ही वाहन पार्क करें तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर लेन अनुशासन बनाए रखें।
पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए कानून का पालन करने के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदार भागीदारी भी आवश्यक है।










































