भाजपा सोशल मीडिया विभाग की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला संपन्न 

0
20
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

मदन राठौड़ बोले- तथ्यों और विश्वसनीयता के साथ जन-जन तक पहुंचाएं सरकार की उपलब्धियां, बूथ स्तर तक मजबूत हो डिजिटल नेटवर्क

जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया) भाजपा सोशल मीडिया विभाग की प्रदेश स्तरीय कार्यशाला सोमवार को जयपुर में आयोजित हुई। इसमें पार्टी संगठन को डिजिटल माध्यमों पर अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने, सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार तथा संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर मंथन किया गया।

कार्यशाला में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, सोशल मीडिया विभाग के राष्ट्रीय संयोजक दीपक म्हस्के, प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार और प्रदेश सह-प्रभारी कुलजीत सिंह चहल मौजूद रहे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि वर्तमान दौर में सोशल मीडिया जनसंवाद का प्रभावशाली माध्यम बन चुका है। पार्टी कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा संगठन की विचारधारा को तथ्यों के आधार पर समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाएं। उन्होंने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सकारात्मकता, सक्रियता और विश्वसनीयता बनाए रखने पर जोर दिया।

सोशल मीडिया विभाग के राष्ट्रीय संयोजक दीपक म्हस्के ने कहा कि डिजिटल युग में सोशल मीडिया संगठन की ताकत और जनसंपर्क का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रत्येक कार्यकर्ता डिजिटल योद्धा के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाए। इसके लिए आधुनिक तकनीक, नए डिजिटल प्लेटफॉर्म और प्रभावी कंटेंट का उपयोग करते हुए प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक टीम को मजबूत बनाने की जरूरत है।

प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने संगठनात्मक अनुशासन, आपसी समन्वय और सामूहिक प्रयासों को सफलता का आधार बताया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया केवल पोस्ट साझा करने तक सीमित नहीं है, बल्कि संगठन के विचारों और कार्यों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने का सशक्त मंच है।

प्रदेश सह-प्रभारी कुलजीत सिंह चहल ने समयबद्ध और योजनाबद्ध डिजिटल संवाद की आवश्यकता बताई। उन्होंने कार्यकर्ताओं से स्थानीय मुद्दों और जनभावनाओं को समझकर सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने तथा संगठन की डिजिटल उपस्थिति को अधिक प्रभावशाली बनाने का आह्वान किया।

कार्यशाला में संगठन की विचारधारा, केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों, डिजिटल कंटेंट निर्माण और विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रियता बढ़ाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। साथ ही प्रदेशभर में संगठनात्मक ढांचे को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।

इस अवसर पर भाजपा सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश संयोजक हीरेंद्र कौशिक, आईटी विभाग के प्रदेश संयोजक अविनाश जोशी, मीडिया विभाग के प्रदेश प्रभारी प्रमोद वशिष्ठ, सह-संयोजक अजय विजयवर्गीय, गिरिल भाटिया, मोहित सनाध्या और विकास शर्मा सहित विभाग के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यशाला के समापन पर सोशल मीडिया विभाग को अधिक सक्रिय, संगठित और प्रभावी बनाने तथा डिजिटल माध्यमों के जरिए पार्टी की नीतियों, विचारधारा और सरकार के विकास कार्यों को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का संकल्प लिया गया।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here