Home accident बाइक-साइकिल टक्कर में घायल व्यक्ति की मौत, पत्नी ने लगाया हत्या का...

बाइक-साइकिल टक्कर में घायल व्यक्ति की मौत, पत्नी ने लगाया हत्या का आरोप

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

रिपोर्ट: मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ श्रीगंगानगर

श्रीगंगानगर। जिले के श्रीकरणपुर क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां बाइक और साइकिल की टक्कर में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने इस घटना को हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बताते हुए बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।

मृतक की पहचान बलजिंदर सिंह के रूप में हुई है। उनकी पत्नी विमला ने श्रीकरणपुर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि गांव खरलां निवासी काला सिंह पुत्र गोविंद सिंह उनके पति से पुरानी रंजिश रखता था। विमला के अनुसार, काला सिंह उनके पति पर लगातार दबाव बना रहा था कि वे अपनी कृषि भूमि उसे ठेके पर दें, अन्यथा गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देता था।

घटना 23 मार्च की शाम करीब 6:30 बजे की बताई जा रही है। बलजिंदर सिंह साइकिल से अपने खेत से घर लौट रहे थे, तभी काला सिंह मोटरसाइकिल पर पीछे से आया और उनकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

हादसे में गंभीर रूप से घायल बलजिंदर सिंह को श्रीगंगानगर के जन सेवा अस्पताल ले जाया गया, जहां करीब चार घंटे इलाज के बाद डॉक्टरों ने जवाब दे दिया। अस्पताल से वापस श्रीकरणपुर लाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद मृतक के परिजन और ग्रामीणों ने श्रीकरणपुर पुलिस थाने के बाहर धरना देकर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाइश दी और कार्रवाई का आश्वासन दिया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतक की पत्नी की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच कर जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version