लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
‘जीरो वेस्ट ईवेंट’ के साथ स्वच्छता सप्ताह की शुरुआत
अजमेर | (नितिन मेहरा) राजस्थान दिवस समारोह 2026 के उपलक्ष्य में अजमेर में जिला प्रशासन और नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में स्वच्छता सप्ताह का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला कलेक्टर वंदना खोरवाल ने की। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पूरे आयोजन को ‘जीरो वेस्ट ईवेंट’ की थीम पर आयोजित किया गया, जिसमें कचरा प्रबंधन और स्वच्छता के प्रति विशेष अनुशासन देखने को मिला।
सीवर सफाई रोबोट का उद्घाटन, मानवीय श्रम को मिलेगी राहत
नगर निगम द्वारा सुभाष उद्यान स्थित फव्वारा चौराहे पर आयोजित कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण अत्याधुनिक सीवर सफाई रोबोट रहा। अतिरिक्त जिला कलेक्टर वंदना खोरवाल ने फीता काटकर और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ रोबोट का उद्घाटन किया।
उन्होंने बताया कि इस तकनीक से सीवर की सफाई में मानवीय श्रम की आवश्यकता कम होगी और हाथ से सीवर सफाई पर प्रतिबंध संबंधी कानूनों का बेहतर तरीके से पालन सुनिश्चित किया जा सकेगा। यह पहल सफाई कर्मियों की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
स्वच्छता सैनिकों का सम्मान, पीपीई किट का वितरण
कार्यक्रम के दौरान नगर निगम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले महिला और पुरुष स्वच्छता सैनिकों को सम्मानित किया गया। वहीं सीवर सफाई में लगे कर्मियों को आधुनिक पीपीई किट वितरित की गईं, ताकि वे सुरक्षित वातावरण में अपना कार्य कर सकें।
‘वेस्ट टू वंडर’ प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई रचनात्मकता
स्वच्छता सप्ताह के तहत स्कूली बच्चों के बीच ‘वेस्ट टू वंडर’ आर्ट प्रतियोगिता आयोजित की गई। बच्चों ने बेकार सामग्री से आकर्षक कलाकृतियां बनाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
‘मेरी कहानी–मेरी जुबानी’ कार्यक्रम ने किया प्रेरित
कार्यक्रम में ‘मेरी कहानी–मेरी जुबानी’ सत्र के तहत स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाओं समीना बानो और कृष्णा ने अपने संघर्ष और स्वच्छता के क्षेत्र में किए गए कार्यों को साझा किया। कृष्णा, जो दिव्यांग और विधवा हैं, उनकी प्रेरणादायक कहानी ने उपस्थित लोगों को भावुक और प्रेरित किया।
100 घंटे श्रमदान की शपथ और पौधारोपण
अतिरिक्त जिला कलेक्टर के नेतृत्व में सुभाष उद्यान परिसर में पौधारोपण किया गया। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को वर्ष में कम से कम 100 घंटे श्रमदान करने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के अंत में सामूहिक श्रमदान और झाड़ू लगाकर स्वच्छता अभियान चलाया गया।
स्वच्छता नवाचारों की रिपोर्ट प्रस्तुत
कार्यक्रम के दौरान कनिष्ठ अभियंता बबीता सिंह ने पिछले एक वर्ष में स्वच्छता के क्षेत्र में किए गए नवाचारों और कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। साथ ही राजस्थान दिवस सप्ताह के दौरान आगामी दिनों में आयोजित होने वाले विभिन्न अभियानों और गतिविधियों के बारे में भी बताया।
इस अवसर पर नगर निगम के उपायुक्त नीलू गुर्जर, अधीक्षण अभियंता मनोहर सोनगरा, स्वास्थ्य अधिकारी रमेश चौधरी, एसबीएम प्रभारी बबीता सिंह, प्रोग्राम समन्वयक राम विलास जांगिड सहित कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।