लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कठूमर (अलवर)। उपखंड क्षेत्र के ग्राम रींझवास में श्मशान भूमि के अभाव और गोचर भूमि पर कथित अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों ने शुक्रवार को उपखंड कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने तहसीलदार बलराम जाखड़ को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि गांव में आज तक श्मशान घाट के लिए कोई भूमि चिन्हित नहीं की गई है। इसके चलते अंतिम संस्कार के लिए लोगों को खेतों अथवा निजी भूमि का सहारा लेना पड़ता है, जिससे शोकग्रस्त परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द श्मशान भूमि आवंटित करने की मांग की। 
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि गोचर भूमि के खसरा नंबर 148 पर कुछ लोगों ने चारदीवारी कर निर्माण एवं घेरेबंदी कर ली है। इससे पशुओं के चरने में बाधा उत्पन्न हो रही है और गांव में विवाद की स्थिति बन रही है। ग्रामीणों ने गोचर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग की।
इस संबंध में हल्का अधिकारी रामनिवास ने बताया कि श्मशान भूमि के लिए 13 जुलाई को करीब 400 वर्गमीटर (चार आर) भूमि आवंटन का प्रस्ताव नियमानुसार भेजा जा चुका है। उन्होंने कहा कि खसरा नंबर 148 पर फिलहाल कोई स्थायी अतिक्रमण दर्ज नहीं है। यदि जांच के दौरान आंशिक कब्जा पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी पक्षों को सुनने के बाद श्मशान भूमि का चिन्हीकरण कर आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी।