लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
कठूमर (अलवर)। कठूमर पंचायत समिति परिसर के वीसी कक्ष में शुक्रवार शाम जन अभियोग निराकरण एवं सतर्कता समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में विधायक रमेश खींची ने विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को बजट में स्वीकृत सभी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में उपखंड अधिकारी श्याम सुंदर चेतीवाल, तहसीलदार बलराम जाखड़, नगरपालिका अधिशासी अधिकारी नरसी मीना, विकास अधिकारी हरिओम मीना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान पेयजल, विद्युत आपूर्ति, जल निकासी और अन्य जनसुविधाओं से संबंधित शिकायतों की समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री कार्यालय, जिला एवं उपखंड स्तर पर प्राप्त परिवादों के निस्तारण की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा हुई।
विधायक रमेश खींची ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बजट स्वीकृत होने के बावजूद लंबित विकास कार्यों को शीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने क्षेत्र में ढीले और जर्जर बिजली तारों को तत्काल दुरुस्त कराने तथा बरसात के मौसम को देखते हुए नालों के निर्माण एवं सफाई कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं और बुनियादी सुविधाओं का समय पर लाभ मिल सके। बैठक में अधिकारियों को सभी लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण करने के भी निर्देश दिए।