लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जोधपुर। जोधपुर के ऐतिहासिक उम्मेद भवन पैलेस में शनिवार को तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय टाइप-1 डायबिटीज समिट 2026 का शुभारंभ हुआ। सम्मेलन में भारत सहित विभिन्न देशों से स्वास्थ्य विशेषज्ञ, नीति निर्माता, शोधकर्ता और टाइप-1 डायबिटीज के साथ जीवन जी रहे लोग शामिल हुए।
द फ्रेंड्स ऑफ मेवाड़ द्वारा ब्रेकथ्रू T1D और विलियम जे. क्लिंटन फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस सम्मेलन का उद्देश्य टाइप-1 डायबिटीज के प्रति जागरूकता बढ़ाना, उपचार की पहुंच को बेहतर बनाना और रोगी-केंद्रित स्वास्थ्य व्यवस्था को सशक्त करना है।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए द फ्रेंड्स ऑफ मेवाड़ की संस्थापक एवं ब्रेकथ्रू T1D की ग्लोबल एंबेसडर राजकुमारी पद्मजा कुमारी परमार ने कहा कि यह आयोजन केवल एक बीमारी पर चर्चा का मंच नहीं, बल्कि ऐसे समुदाय का प्रतीक है जो चुनौतियों को अवसर में बदलने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सभी से इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जोधपुर के महाराजा गज सिंह द्वितीय ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। वहीं, राजस्थान सरकार की ओर से राज्य नोडल अधिकारी डॉ. सुनील सिंह ने सम्मेलन का स्वागत करते हुए कहा कि टाइप-1 डायबिटीज की प्रभावी देखभाल के लिए सरकार, स्वास्थ्य विशेषज्ञों और रोगी समुदाय के बीच समन्वित प्रयास समय की आवश्यकता है।
तीन दिनों तक चलने वाले इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में टाइप-1 डायबिटीज की देखभाल, नई चिकित्सा तकनीकों, नीति निर्माण, रोगी-केंद्रित उपचार व्यवस्था और वैश्विक सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञ मंथन करेंगे।
