लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
केदारनाथ-बद्रीनाथ के दर्शन कर लाएंगे गंगाजल
कठूमर (अलवर)। श्रावण मास के पावन अवसर पर शुक्रवार को कठूमर के मुख्य बाजार स्थित गणेश मंदिर परिसर से 20 सदस्यीय कांवड़ यात्रा दल धार्मिक उत्साह के साथ रवाना हुआ। यात्रा शुरू होने से पहले सभी कांवड़ियों ने गणेश मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान का आशीर्वाद लिया।
यात्रा का नेतृत्व सोनू सोती कर रहे हैं। कांवड़िए भगवान शिव के जयघोष के साथ बाइकों पर सवार होकर अपने धार्मिक सफर पर निकले। इस अवसर पर गणेश मंदिर के महंत सत्तू पंडित तथा खाटू श्याम मंदिर के महंत साक्षी गोपाल ने कांवड़ियों को आशीर्वाद देकर शुभ यात्रा की कामना की।
सोनू सोती ने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालु केदारनाथ, बद्रीनाथ, तुंगनाथ, वसुंधरा और नीलकंठ महादेव के दर्शन करेंगे। इसके बाद हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर वापस लौटेंगे।
उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा से लौटने के बाद 10 अगस्त को अपने गांव पहुंचकर भगवान शिव का गंगाजल से विधिवत जलाभिषेक किया जाएगा।
श्रावण मास में निकली इस कांवड़ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवड़ियों को शुभकामनाएं देने और विदा करने के लिए उपस्थित रहे।
