लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सर्बिया में विश्व रिकॉर्ड के साथ जीता स्वर्ण पदक
गंगापुर सिटी/सवाई माधोपुर। गंगापुर सिटी के होनहार पैरा निशानेबाज राहुल शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्बिया में आयोजित वर्ल्ड शूटिंग पैरा स्पोर्ट वर्ल्ड कप-2026 में स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। राहुल ने 10 मीटर एयर पिस्टल स्टैंडर्ड (SH1) स्पर्धा में विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
राहुल शर्मा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से गंगापुर सिटी सहित पूरे राजस्थान में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने इसे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताया है।
राहुल शर्मा मूल रूप से कैमरी (नादौती) के निवासी हैं। उनके पिता गोपाल शर्मा सेवानिवृत्त पशुधन प्रसार अधिकारी हैं। वर्तमान में उनका परिवार गंगापुर सिटी की नसिया कॉलोनी में निवास करता है।
राहुल की इस सफलता को उनकी वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम माना जा रहा है। विश्व रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने भारतीय पैरा शूटिंग को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाई है।
राहुल शर्मा की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, खेल संगठनों और नागरिकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी सफलता से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की नई प्रेरणा मिलेगी।
