लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
2027 से साल में दो बार होगी बोर्ड परीक्षा
अजमेर (नितिन मेहरा)। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाएं 11 मार्च को शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हो गईं। बोर्ड अब सैकण्डरी परीक्षा का परिणाम 20 मार्च तक जारी करने की तैयारी कर रहा है। साथ ही वर्ष 2027 से माध्यमिक बोर्ड परीक्षाएं वर्ष में दो बार आयोजित करने का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा गया है।
बोर्ड सचिव गजेन्द्र सिंह राठौड़ ने बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाएं 12 फरवरी से 11 मार्च 2026 तक संचालित हुईं।
लाखों विद्यार्थियों ने दी परीक्षा
इस वर्ष बोर्ड की विभिन्न परीक्षाओं में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया—
-
माध्यमिक परीक्षा: 10,68,078 परीक्षार्थी
-
उच्च माध्यमिक परीक्षा: 9,09,087 परीक्षार्थी
-
प्रवेशिका परीक्षा: 7,811 परीक्षार्थी
-
वरिष्ठ उपाध्याय परीक्षा: 4,122 परीक्षार्थी

प्रदेशभर में कुल 6195 परीक्षा केंद्रों पर करीब 175 प्रश्नपत्रों की परीक्षाएं आयोजित की गईं। परीक्षा के दौरान पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखने के लिए शिक्षा विभाग और बोर्ड की संयुक्त फ्लाइंग टीमों ने लगातार निगरानी रखी। लगभग 150 संयुक्त निदेशक व जिला शिक्षा अधिकारियों के नेतृत्व में निरीक्षण दल सक्रिय रहे।
नियंत्रण कक्ष से 24 घंटे निगरानी
बोर्ड मुख्यालय पर अत्याधुनिक केन्द्रीय परीक्षा नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया था, जो परीक्षा शुरू होने से पहले से लेकर समाप्ति तक 24 घंटे लगातार कार्यरत रहा। बड़ी स्क्रीन और करीब 30 लैपटॉप के माध्यम से परीक्षा केंद्रों की सूचनाओं और सीसीटीवी मॉनिटरिंग पर नजर रखी गई।
परीक्षा केंद्रों पर बिजली बंद होने जैसी शिकायतों का भी तुरंत समाधान किया गया, जिससे किसी भी विद्यार्थी की परीक्षा प्रभावित नहीं हुई।
30 हजार से अधिक शिक्षक कर रहे मूल्यांकन
परीक्षा समाप्त होने के बाद उत्तर पुस्तिकाओं के संग्रहण के लिए प्रदेशभर में 66 संग्रहण केंद्र बनाए गए हैं। वर्तमान में लगभग 30,915 शिक्षक उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य में लगे हुए हैं, ताकि परिणाम जल्द घोषित किया जा सके।
2027 से साल में दो बार बोर्ड परीक्षा
बोर्ड ने आगामी शैक्षणिक सत्र से साल में दो बार बोर्ड परीक्षा आयोजित करने का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा है। प्रस्ताव के अनुसार पहली परीक्षा फरवरी और दूसरी मई में आयोजित की जाएगी, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
प्रेस वार्ता में विशेषाधिकारी नीतू यादव, मुख्य नियंत्रक राजेश निर्वाण, निदेशक गोपनीय गीता पलासिया, उपनिदेशक परीक्षा शिवप्रकाश सोनी, सहायक निदेशक राजीव चतुर्वेदी, अजय इनानी, अरुण जोशी और अजय बंसल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।















































