लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
250 लोगों की स्क्रीनिंग
नागौर (प्रदीप कुमार डागा) देशव्यापी 100 दिवसीय टीबी मुक्त अभियान के तहत सोमवार को नागौर जिले के बारानी और अलाय गांव में विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। जिला क्षय अधिकारी डॉ. श्रवण राव के निर्देशन में आयोजित इन शिविरों में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर के दौरान करीब 250 लोगों की टीबी जांच के लिए स्क्रीनिंग की गई। इनमें से 100 संदिग्ध मरीजों का मौके पर ही हैंड-हेल्ड एक्स-रे मशीन के माध्यम से छाती का एक्स-रे किया गया, जिससे रोग की प्रारंभिक पहचान में तेजी लाई जा सके।
चिकित्सा टीम ने बताया कि टीबी का समय पर निदान और नियमित उपचार इस बीमारी को पूरी तरह नियंत्रित करने में सक्षम है। कार्यक्रम में वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक कैलाश भाकल और डीआर टीबी समन्वयक सुनील हर्ष ने ग्रामीणों को टीबी के लक्षण, संक्रमण के तरीके, बचाव और उपचार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा टीबी मरीजों को निःशुल्क जांच और दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं, साथ ही पोषण सहायता भी दी जाती है। शिविर के दौरान चिन्हित मरीजों को पोषण किट भी वितरित की गई।
इस अवसर पर रेडियोग्राफर अदिति, निशा जोशी और हर्षित कुमावत ने एक्स-रे सहित तकनीकी सेवाएं प्रदान कीं। आयोजन को सफल बनाने में आशा सुपरवाइजर आनंद हर्ष का विशेष योगदान रहा, जिनके सहयोग से अधिक से अधिक ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित हो सकी।
स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी, बुखार, वजन कम होना या रात में पसीना आने जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराएं। समय पर पहचान और नियमित इलाज से टीबी को पूरी तरह समाप्त किया जा सकता है।






















































