
पैगम्बर। हजरत मोहम्मद साहब के नवासे इमाम हुसैन की शहादत की याद में मकराना सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में मोहर्रम का पर्व मनाया गया। मकराना शहर में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने हर साल की तरह इस साल भी ताजिए का जुलूस निकाला, लेकिन इस बार लगातार हो रही बारिश के कारण ताजिए को बारिश में भीगने से बचाने के लिए उसे पॉलिथिन से ढका गया। जुलूस सुबह 11:00 हताई मोहल्ले से रवाना हुआ। जहां से मनियारो की गली होते हुए ताजिए को सदर बाजार स्थित शाहजहानी मस्जिद के बाहर मुकाम दिया गया। ताजिए के आगे लोगों ने मातमी धुन में ढोल ताशे बजाए। दोपहर में 3:30 बजे ताजिए का जुलूस सदर बाजार से रवाना हुआ, जो कि धूतों का चौक, ईदगाह रोड होते हुए कर्बला चौक की तरफ रवाना हुआ। कर्बला चौक और सदर बाजार चौक में खाद्य पदार्थों की दुकानें लगाई गई। जहां पर लोगों ने खरीदारी की। जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जगह जगह पुलिसकर्मी तैनात थे।

वही जुलूस समापन पर कर्बला चौक में मोहर्रम कमेटी की ओर से मोहर्रम पर व्यवस्था में सहयोग देने वालों का सम्मान भी किया गया। मकराना उपखंड के बोरावड व बुडसू कस्बे में भी ताजिए का जुलूस निकाला गया। जुलूस में अंजुमन सदर हाजी नबाब अली रांदड़, मकराना विधायक जाकिर हुसैन गैसावत, नगर परिषद उपसभापति अब्दुल सलाम भाटी, मोहर्रम कमेटी अध्यक्ष अनवर अहमद रांदड़,अल मदद सेवा समिति अध्यक्ष हाफिज रियाज गैसावत, उद्योगपति हसन उर्फ वीरू गेहलोत, पार्षद इरशाद गैसावत, मोहम्मद असलम चौधरी पार्षद अब्दुल गनी अमजद सिसोदिया सहित शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद थे।






















































