Home latest कैबिनेट मंत्री कुमावत ने सीएचसी के नए भवन का किया शिलान्यास

कैबिनेट मंत्री कुमावत ने सीएचसी के नए भवन का किया शिलान्यास

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

गुंदोज को मिली आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की सौगात

5.75 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा अत्याधुनिक भवन

सुमेरपुर। क्षेत्र की जनता को बेहतर एवं सुलभ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में शनिवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। इसी क्रम में गुंदोज में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के नए भवन का शिलान्यास पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक जोराराम कुमावत ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया।

मंत्री कुमावत ने कहा, “यह केवल एक भवन नहीं, बल्कि क्षेत्र के लोगों के स्वास्थ्य और जीवन सुरक्षा का संकल्प है। सरकार की प्राथमिकता अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक बेहतर चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाना है।” उन्होंने बताया कि इस अत्याधुनिक भवन के निर्माण पर 5.75 करोड़ रुपये की लागत आएगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, आधारभूत ढांचे के विकास एवं जनकल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस सीएचसी के बनने से आसपास के दर्जनों गांवों के हजारों लोगों को इलाज के लिए जिला अस्पताल या बड़े शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा।

उन्होंने आश्वासन दिया कि निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराकर जल्द ही चिकित्सा सेवाएं प्रारंभ की जाएंगी। नए भवन में 30 बिस्तरों की क्षमता होगी, जिसमें आधुनिक ऑपरेशन थिएटर, लेबर रूम, एक्स-रे यूनिट एवं ओपीडी ब्लॉक जैसी सुविधाएं शामिल होंगी।

कार्यक्रम में पाली प्रधान प्रतिनिधि पुखराज पटेल, जिला उपाध्यक्ष पूनम सिंह परमार, सांसद प्रतिनिधि डीआर चौधरी, पूर्व उप जिला प्रमुख नवल किशोर रावल, किसान केसरी भंवर चौधरी, डेंडा सरपंच प्रतिनिधि उम्मेद सिंह, कुरना सरपंच लाभूराम देवासी, मणिहारी सरपंच भैंरू सिंह, पूर्व जिलामंत्री मांगीलाल सीरवी, पूर्व मंडल अध्यक्ष मंगलाराम प्रजापत, गुंदोज मंडल के पूर्व महामंत्री यशवंत सैन, मंडल महामंत्री कूपाराम सीरवी, भंवर डाबर, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि रमेश कुमार मेघवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष खौड़ हुकम सिंह खरौकड़ा, गुंदोज सरपंच दिनेश बंजारा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version