लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मंत्री जोराराम कुमावत ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
सुमेरपुर। शहर में कचरा संग्रहण व्यवस्था को आधुनिक और प्रभावी बनाने की दिशा में शनिवार को दो नए इलेक्ट्रिक वाहनों को शामिल किया गया। पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक जोराराम कुमावत ने नगरपालिका भवन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मंत्री कुमावत ने कहा कि ये पर्यावरण के अनुकूल इलेक्ट्रिक वाहन शून्य-उत्सर्जन (Net Zero) लक्ष्य को प्राप्त करने और वायु प्रदूषण कम करने में सहायक होंगे। इससे शहर के सभी वार्डों में घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
उन्होंने बताया कि ये छोटे वाहन संकरी गलियों से कचरा एकत्र कर 7 मीट्रिक टन क्षमता वाले बड़े वाहनों तक पहुंचाएंगे, जिससे कचरा प्रबंधन अधिक व्यवस्थित होगा और गंदगी व दुर्गंध की समस्या में कमी आएगी। वाहनों में जीपीएस और RFID तकनीक भी उपलब्ध है, जिससे कचरा संग्रहण की रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जा सकेगी।
मंत्री ने मौके पर अधिकारियों को सफाई व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश दिए और कहा कि जब तक नियमित वर्क ऑर्डर प्रक्रिया पूरी नहीं होती, तब तक युद्ध स्तर पर सफाई कार्य सुनिश्चित किया जाए।
उल्लेखनीय है कि संवेदक का टेंडर निरस्त होने के कारण पिछले कुछ समय से घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था प्रभावित हो रही थी, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अस्थायी समाधान के रूप में इन दो वाहनों को शामिल कर राहत प्रदान की गई है। नया टेंडर जारी होने के बाद कचरा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक व्यवस्थित रूप से संचालित किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रताप सिंह बिठिया, अनूप सिंह राठौर, पूनम सिंह परमार, रविकांत रावल, महेंद्र माली, मुकेश मोदी, मनीष घांची, चतुर्भुज शर्मा सहित कई लोग उपस्थित रहे।