लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर । बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने के लिए इसे जन आंदोलन बनाना होगा। अब केवल भाषण नहीं, बल्कि धरातल पर ठोस कार्रवाई की जरूरत है। यह बात उप मुख्यमंत्री एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री दिया कुमारी ने शुक्रवार को जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में कही।
‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के दो वर्ष पूर्ण होने और बाल विवाह एवं जबरन विवाह उन्मूलन के अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर एचसीएम रीपा के भगत सिंह मेहता सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान दिया कुमारी ने बाल विवाह के खिलाफ संघर्ष करने वाली साहसी बालिकाओं को सम्मानित किया और उनके संघर्ष को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि बालिकाओं ने अपने साहस, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास से साबित किया है कि शिक्षा, अवसर और सहयोग मिलने पर हर बेटी अपने सपनों को पूरा कर सकती है। प्रधानमंत्री की पहल से बाल विवाह के खिलाफ अभियान को राष्ट्रव्यापी स्वरूप मिला है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राजस्थान को बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प लिया गया है।
उन्होंने कहा कि जिस तरह ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को जनसमर्थन मिला, उसी तरह बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को भी सफल बनाना होगा। बाल विवाह दंडनीय अपराध है। यदि कहीं बाल विवाह की सूचना मिलती है तो तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर संपर्क करें। हर व्यक्ति को इस अभियान का चैंपियन और ब्रांड एंबेसडर बनना होगा। शादी जीवन का अंतिम लक्ष्य नहीं है। बेटियों की उम्र पढ़ने-लिखने और अपने सपनों को पूरा करने की है।
BVMR पोर्टल और जागरूकता वैन लॉन्च
कार्यक्रम में बाल विवाह रोकथाम के लिए BVMR पोर्टल, जागरूकता वैन और सूचना, शिक्षा एवं संचार (IEC) सामग्री का विमोचन किया गया। जागरूकता वैन को ‘बचपन बचाएंगे, बाल विवाह मिटाएंगे’ संदेश के साथ रवाना किया गया। इस अवसर पर अभियान का थीम गीत ‘बचपन को मिले उड़ान, बाल विवाह मुक्त राजस्थान’ भी जारी किया गया।
2030 तक बाल विवाह मुक्त राजस्थान का लक्ष्य
शासन सचिव पूनम ने कहा कि बाल विवाह केवल गरीबी का नहीं, बल्कि सामाजिक मानसिकता और पीढ़ियों तक पड़ने वाले दुष्प्रभावों का विषय है। बच्चियों को कम उम्र में गृहस्थी की जिम्मेदारी सौंपने के बजाय डॉक्टर, शिक्षक और वैज्ञानिक बनने का अवसर देना चाहिए। उन्होंने वर्ष 2030 तक राजस्थान को बाल विवाह मुक्त बनाने का लक्ष्य बताया।
बाल अधिकारिता विभाग की ओर से अभियान की नई रणनीति की जानकारी देते हुए बताया गया कि जनवरी 2026 में ग्राम विकास अधिकारियों, पटवारियों और संस्था प्रधानों को भी बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी (CMPO) बनाया गया है। बाल विवाह रोकने के लिए निषेधाज्ञा लेना अनिवार्य किया गया है। मिशन वात्सल्य और कवच के माध्यम से पंचायत स्तर पर संरक्षण व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। BVMR पोर्टल को शाला दर्पण से जोड़ने का प्रस्ताव भी है।
चेंज एजेंट बालिकाओं का सम्मान, कविता मीणा बनीं प्रेरणा
कार्यक्रम में UNFPA से जुड़ी बाल विवाह रोकथाम के लिए काम करने वाली चेंज एजेंट बालिकाओं मनोज कुमारी, हर्षिता मेघवंशी, मयंक सिंह, अंजू, अरबिया, हर्षिता, आयशा और आरुषि बैरवा को सम्मानित किया गया। आयशा ने अब तक छह बाल विवाह रुकवाने में भूमिका निभाई है। बाल विवाह रोकथाम में उल्लेखनीय योगदान के लिए UNFPA को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
सवाई माधोपुर की ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ ब्रांड एंबेसडर कविता मीणा ने अपनी संघर्ष यात्रा साझा की। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 में UNFPA से जुड़ने के बाद उन्होंने अपनी बहन और राष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी सहेली का बाल विवाह रुकवाया था। उनके प्रयासों से उनकी ग्राम पंचायत बाल विवाह मुक्त बनी। इसी पंचायत की अनंता और ज्योति जैसी बेटियां कजाकिस्तान में देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
कार्यक्रम में सरदार पटेल पुलिस यूनिवर्सिटी जोधपुर के कुलगुरु आलोक त्रिपाठी, आयुक्त बाल अधिकारिता निकया गोहाएन, आयुक्त विशेष योग्यजन इकबाल खान, UNFPA की त्रिशा पारीक और अंतरा त्रिवेदी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।