लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
चौमहला (झालावाड़)। जिले के चोरबर्डी गांव में एक 32 वर्षीय युवक द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान लक्ष्मण सिंह (पिता राघुसिंह) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, युवक ने शनिवार सुबह अपने ही कुएं पर पेड़ से फांसी लगाकर जीवन समाप्त कर लिया। परिजन उसे तत्काल चौमहला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी रामकल्याण ने बताया कि मृतक के भाई जशवंत सिंह ने रिपोर्ट दी है कि लक्ष्मण सिंह कुएं पर था और उसने खाने के लिए टिफिन मंगवाया था। करीब दस मिनट बाद जब वह टिफिन लेकर मौके पर पहुंचा तो लक्ष्मण सिंह पेड़ से लटका हुआ मिला। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल लाकर पोस्टमार्टम करवाया गया। हेड कांस्टेबल रामनिवास के अनुसार, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी हुई है।
यदि आप या आपके आसपास कोई व्यक्ति मानसिक तनाव से जूझ रहा है, तो मदद लेना बेहद जरूरी है। नजदीकी परिजन, मित्र या हेल्पलाइन से संपर्क करना सहायक हो सकता है।
