लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बोले- भाजपा सरकार को जनता की पाई-पाई का हिसाब देना होगा
‘हिसाब मांगो अभियान’ के तहत जयपुर नगर निगम घेराव; सड़क, नाले, टैक्स, स्मार्ट मीटर और पृथ्वीराज नगर में हाईटेंशन लाइन का मुद्दा उठाया
जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया)
राजस्थान कांग्रेस के ‘हिसाब मांगो अभियान’ के तहत जयपुर नगर निगम के घेराव के दौरान सियासी माहौल गरमा गया। पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता मौके पर डटे रहे।
प्रदर्शन के दौरान खाचरियावास ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता अब सरकार से उसके कार्यकाल का हिसाब मांग रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि ढाई साल के कार्यकाल में राहत देने के बजाय जनता पर अलग-अलग टैक्स और वसूली का बोझ बढ़ाया गया है।
कचरा टैक्स, यूडी टैक्स और स्मार्ट मीटर पर सवाल
खाचरियावास ने कचरा टैक्स, यूडी टैक्स और स्मार्ट मीटर का मुद्दा उठाते हुए सरकार से सवाल किया कि जनता से इतनी वसूली क्यों की जा रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि इन टैक्स और शुल्कों के माध्यम से जनता से जुटाई जा रही राशि का इस्तेमाल किस तरह किया जा रहा है। कांग्रेस नेता ने सरकार से जनता के सवालों का जवाब देने की मांग की।
जयपुर की सड़कों और नालों को लेकर सरकार पर हमला
पूर्व मंत्री ने जयपुर की बदहाल सड़कों और जलभराव की समस्या को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर की कई सड़कें गड्ढों में तब्दील हैं और नाले भरे पड़े हैं, जिसके कारण बारिश के दौरान लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने सरकार से तत्काल सड़कों की मरम्मत, गड्ढों को भरने और नालों की सफाई कराने की मांग की।
पृथ्वीराज नगर में हाईटेंशन लाइन का मुद्दा उठाया
प्रदर्शन के दौरान पृथ्वीराज नगर में हाईटेंशन लाइन का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। खाचरियावास ने दावा किया कि करीब 2 हजार मकानों पर हाईटेंशन लाइन के कारण संकट की स्थिति बनी हुई है।
उन्होंने अपने मंत्री कार्यकाल का हवाला देते हुए कहा कि उस समय करीब 20 किलोमीटर हाईटेंशन लाइन को अंडरग्राउंड कराया गया था, जिससे लोगों के मकानों को बचाया जा सका।
खाचरियावास ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार मकानों को बचाने के बजाय उन्हें हटाने की तैयारी कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी मकान को तोड़ा गया तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी।
पट्टों को लेकर भी सरकार पर निशाना
खाचरियावास ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय गरीब और जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क पट्टे दिए गए थे, लेकिन उनके अनुसार भाजपा सरकार के कार्यकाल में लोगों को पट्टे मिलने में परेशानी हो रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता को राहत देने के बजाय वसूली पर ज्यादा ध्यान दे रही है।
‘वाटर कैनन से आवाज नहीं दबेगी’
प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई का जिक्र करते हुए खाचरियावास ने कहा कि वाटर कैनन और बैरिकेड कांग्रेस की आवाज को दबा नहीं सकते।
उन्होंने कहा कि जयपुर की जनता अब टैक्स, वसूली और शहर की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर जवाब मांग रही है। खाचरियावास ने कहा कि सरकार को जनता के सवालों का जवाब देना होगा और कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लेकर अपना संघर्ष जारी रखेगी।


















































