लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
19 जनवरी को निकलेगी भव्य शोभायात्रा, संत नमन जी वैष्णव का मिलेगा आशीर्वचन
चौमहला, झालावाड़ (सुनील निगम)| झालावाड़ जिले के चौमहला नगर में आगामी विराट हिंदू सम्मेलन के आयोजन को लेकर सकल हिंदू समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक राम मंदिर परिसर में आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सोमवार, 19 जनवरी को नगर में विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में जानकारी दी गई कि सम्मेलन के अवसर पर एक विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो सत्यनारायण मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई श्रीराम आइस फैक्ट्री मैदान में पहुंचेगी। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां, बैंड-बाजे, डीजे, बग्गी, घोड़े सहित अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल रहेंगी।
सम्मेलन के दौरान परम पूज्य गुरुदेव संत नमन जी वैष्णव के आशीर्वचन भी प्राप्त होंगे, जिससे कार्यक्रम को आध्यात्मिक गरिमा प्राप्त होगी।
आयोजन को भव्य बनाने पर हुआ मंथन
बैठक में नगर के विभिन्न व्यापार संघों, सामाजिक व धार्मिक संगठनों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभी ने अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत करते हुए कार्यक्रम को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने पर चर्चा की। नगर के प्रमुख चौराहों एवं मार्गों पर आकर्षक साज-सज्जा किए जाने पर भी सहमति बनी।
विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन आयोजन समिति एवं क्रियान्वयन समिति के दिशा-निर्देशों में संपन्न होगा।
इस अवसर पर सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापार मंडलों से जुड़े पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा वर्ग सहित बड़ी संख्या में सनातनी समाज के लोग उपस्थित रहे।













































