लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
युवाओं के लिए स्टार्टअप, स्किल डेवलपमेंट और तकनीकी प्रशिक्षण पर विशेष जोर
जयपुर | (रूपनारायण सांवरिया) भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत यह बजट केवल एक वित्तीय दस्तावेज़ नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत @2047” के विराट संकल्प को साकार करने वाला एक ठोस, दूरदर्शी और प्रभावी रोडमैप है। उन्होंने इसे आत्मनिर्भर, सशक्त और वैश्विक नेतृत्वकर्ता भारत की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।
मदन राठौड़ ने कहा कि इस बजट में लोक-लुभावनी घोषणाओं के बजाय राष्ट्र निर्माण की मूल भावना को प्राथमिकता दी गई है। आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण, रोजगार सृजन, औद्योगिक विस्तार, तकनीकी नवाचार और ग्रामीण समृद्धि को एक समग्र दृष्टिकोण के साथ जोड़ा गया है। यह बजट वर्तमान के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए स्थायी और संतुलित विकास की मजबूत नींव रखता है।
उन्होंने कहा कि आज जब विश्व व्यापार युद्ध, सप्लाई चेन संकट, भू-राजनीतिक तनाव और आर्थिक अनिश्चितताओं से जूझ रहा है, ऐसे समय में मोदी सरकार ने संयम, संतुलन और आत्मविश्वास के साथ ऐसा बजट प्रस्तुत किया है, जो आर्थिक स्थिरता बनाए रखते हुए तेज़ विकास का मार्ग प्रशस्त करता है। यह बजट सिद्ध करता है कि भारत संकटों के बीच भी अवसरों को पहचानने की क्षमता रखता है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बजट में युवा, महिलाएं, किसान, एमएसएमई, स्टार्टअप, उद्योग, स्वास्थ्य, शिक्षा और नवाचार जैसे सभी महत्वपूर्ण क्षेत्रों को केंद्र में रखा गया है। विशेष रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर मिशन और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे आधुनिक क्षेत्रों को नई गति देने वाले प्रावधान भारत को तकनीकी महाशक्ति बनाने की दिशा में निर्णायक सिद्ध होंगे।
राठौड़ ने कहा कि रेलवे के आधुनिकीकरण, हाई-स्पीड और फ्रेट कॉरिडोर के विस्तार से कनेक्टिविटी में अभूतपूर्व सुधार होगा, जिससे व्यापार, पर्यटन और औद्योगिक निवेश को नई रफ्तार मिलेगी। एमएसएमई को सशक्त करने की योजनाएं तथा टियर-2 और टियर-3 शहरों में उद्योगों को बढ़ावा देने के प्रावधान राजस्थान जैसे राज्यों के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेंगे।
उन्होंने महिला सशक्तिकरण को लेकर कहा कि प्रत्येक जिले में महिला और बालिका छात्रावासों का निर्माण बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को मजबूत करेगा। वहीं युवाओं के लिए स्टार्टअप, स्किल डेवलपमेंट और तकनीकी प्रशिक्षण पर दिया गया विशेष जोर उन्हें वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करेगा। कृषि और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाएं, जल संरक्षण, पशुपालन और किसानों की आय बढ़ाने के प्रयास गांवों में समृद्धि का नया अध्याय लिखेंगे।
मदन राठौड़ ने कहा कि मोदी सरकार ने इस बजट के माध्यम से एक बार फिर यह सिद्ध किया है कि सुशासन, नवाचार और समावेशी विकास ही देश की प्रगति का मूल मंत्र है। यह बजट आत्मविश्वास, आशा और तेज़ प्रगति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता के हित में भारतीय जनता पार्टी इस बजट के प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी, ताकि इसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।

















































