लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
श्रीगंगानगर (मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ) श्रीगंगानगर शहर में सीवरेज प्रोजेक्ट को लेकर चल रहा विवाद अब कानूनी मोड़ ले चुका है। विधायक जनसेवा केंद्र में RUIDP अधिकारी के साथ कथित मारपीट के मामले में गंगानगर विधायक जयदीप बिहाणी, उनके पीए और समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले में एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
AEN जगनलाल बैरवा से मारपीट का आरोप
मामला RUIDP के सहायक अभियंता (AEN) जगनलाल बैरवा से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि विधायक जनसेवा केंद्र में आयोजित जनसुनवाई के दौरान विधायक जयदीप बिहाणी, उनके पीए मनीष गर्ग और करीब एक दर्जन समर्थकों ने अधिकारी जगनलाल बैरवा के साथ मारपीट की। घटना के बाद अधिकारी का मेडिकल बोर्ड से परीक्षण भी कराया गया।
वकील ने दी जानकारी
जगनलाल बैरवा के अधिवक्ता अरविंद्र गील ने बताया कि उनके मुवक्किल के साथ मारपीट की घटना हुई, जिसके बाद पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई। पुलिस ने विधायक जयदीप बिहाणी, पीए मनीष गर्ग और अन्य समर्थकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले विधायक पक्ष ने भी कराया था मामला दर्ज
गौरतलब है कि इससे पहले विधायक जयदीप बिहाणी ने भी RUIDP के AEN जगन्नाथ बैरवा और प्रोजेक्ट मैनेजर शाहनवाज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। विधायक का आरोप था कि L&T और RUIDP के कार्यों को लेकर सवाल पूछने पर अधिकारियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए हमला किया, जिससे उनके चेहरे पर चोट आई।
अब दोनों पक्षों की ओर से दर्ज करवाई गई एफआईआर के बाद मामला और अधिक तूल पकड़ता नजर आ रहा है। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
शहर में सीवरेज एवं पेयजल परियोजनाओं को लेकर पहले से ही असंतोष का माहौल बना हुआ है। इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।




















































