लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा | राजसमन्द।
राजसमन्द जिले के लालपुर स्थित वीर तेजाजी चौराहा पर सोमवार को हुए सड़क हादसे में कॉलेज की दो छात्राएं घायल हो गईं। दोनों को 108 एम्बुलेंस की सहायता से आरके अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हेड कॉन्स्टेबल धीरज चंद शर्मा के अनुसार राजसमन्द-भीलवाड़ा राजमार्ग पर कांकरोली की ओर से आ रही एक कार ने बाइक सवार दो छात्राओं को चपेट में ले लिया। हादसे में हेमलता पुत्री घनश्याम नायक एवं महिमा पुत्री उदयराम पूर्बिया निवासी फुकीया घायल हो गईं।
सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस के ईएमटी अनमोल अहारी और पायलट हरीश बामनिया मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार हेमलता के दाएं हाथ में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि दूसरी छात्रा को भी चोटें आई हैं।
पुलिस के मुताबिक दोनों छात्राएं प्रथम वर्ष की परीक्षा देने कांकरोली जा रही थीं। बताया गया कि कार चालक ने बचाने के प्रयास में वाहन को बीच डिवाइडर पर चढ़ा दिया, लेकिन इसके बावजूद बाइक कार की चपेट में आ गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने कार और बाइक को जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया है तथा मामले की जांच जारी है। घटना के समय पुष्कर सालवी, चेन कुमार, शैतान सिंह सहित अन्य लोग भी मौके पर मौजूद रहे।


















































