लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
कैबिनेट की बैठक में अहम फैसले
जयपुर ।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में शुक्रवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा और संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल ने प्रेसवार्ता में जानकारी दी।
महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी विधेयक-2025
कैबिनेट ने ‘द महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी जयपुर बिल-2025’ के प्रारूप को मंजूरी दी। यह विधेयक विधानसभा के आगामी सत्र में प्रस्तुत किया जाएगा।
-
विश्वविद्यालय खेल विज्ञान, स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी और परफॉर्मेन्स एनालिटिक्स पर शोध को बढ़ावा देगा।
-
इसे सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में विकसित किया जाएगा।
-
हाई परफॉर्मेंस ट्रेनिंग सेंटर के जरिए प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप प्रशिक्षित किया जाएगा।

मेडिकल कॉलेजों में एनआरआई कोटा फीस संशोधन
राजमेस कॉलेजों में एनआरआई सीटों की फीस घटाकर 23.93 लाख रुपये प्रतिवर्ष कर दी गई है।
-
पहले फीस डॉलर में तय होने और हर साल 5% बढ़ोतरी के कारण यह 31 लाख तक पहुंच चुकी थी।
-
नई व्यवस्था में फीस निजी कॉलेजों की औसत फीस के बराबर होगी।
-
इससे एनआरआई विद्यार्थियों को आकर्षित करने के साथ ही राजमेस सोसायटी को करीब 45 करोड़ रुपये अतिरिक्त आय होगी।

सौर ऊर्जा परियोजनाओं को बढ़ावा
कैबिनेट ने 5,200 मेगावॉट क्षमता की सौर ऊर्जा परियोजनाओं के लिए सशर्त भूमि आवंटन को मंजूरी दी।
-
परियोजनाओं से राज्य में अक्षय ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।
-
स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

पेंशन नियमों में संशोधन
राजस्थान सिविल सेवा (पेंशन) नियम-1996 में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए:
-
अब दिवंगत कार्मिक के माता-पिता को 50% तक पारिवारिक पेंशन मिलेगी (पहले 30%)।
-
मानसिक या शारीरिक रूप से निशक्त पुत्र/पुत्री को विवाह उपरांत भी पारिवारिक पेंशन का लाभ मिलेगा।

पर्यटन व पुरातत्व विभाग में पदोन्नति के अवसर
-
राजस्थान पर्यटन सेवा नियम-1976 में संशोधन कर वरिष्ठ अतिरिक्त निदेशक के पद पर पदोन्नति का प्रावधान किया गया।
-
राजस्थान पुरातत्व एवं संग्रहालय सेवा नियम-1960 में संयुक्त निदेशक (पे लेवल-18) का नया पद शामिल किया जाएगा।




















































