लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
वारदात में प्रयुक्त बाइक जब्त, एक आरोपी घायल; पुलिस टीम को एसपी ने किया सम्मानित
सिरोही | तुषार पुरोहित
सिरोही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर लूट की दो सनसनीखेज वारदातों का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त कर ली है, जबकि एक आरोपी घायल होने के कारण जिला अस्पताल में उपचाराधीन है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोरसिंह चौहान के सुपरविजन में पिंडवाड़ा थाना पुलिस ने की।
पुलिस के अनुसार 8 जुलाई की रात सिरोही रोड और जनापुर सर्कल क्षेत्र में राहगीरों से मारपीट कर नकदी, मोबाइल फोन, बैग और महत्वपूर्ण दस्तावेज लूट लिए गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकाबंदी कर संदिग्ध मोटरसाइकिल की तलाश शुरू की। 
पीछा करने के दौरान आरोपी तेज रफ्तार में भागने लगे, लेकिन बाइक फिसलने से तीनों गिर पड़े। पुलिस ने मौके पर ही तीनों को पकड़ लिया। हादसे में एक आरोपी घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशाराम गरासिया, गणेश कुमार गरासिया और महेन्द्रलाल गरासिया के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली है, जबकि लूटा गया सामान बरामद करने के प्रयास जारी हैं।
पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों से कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं और जिले में हुई अन्य वारदातों में उनकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई पर एसपी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली पुलिस टीम के अधिकारियों और जवानों को नकद पुरस्कार एवं प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया।














































