लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
संघर्ष और मेहनत से हासिल की नई जिम्मेदारी, गांव में खुशी का माहौल
राजसमंद | गौतम शर्मा
राजसमंद जिले की गलवा ग्राम पंचायत के छोटे से गांव करतवास के शिक्षक किशनलाल गुर्जर को आमेट में अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (ACBEO) के पद पर प्रतिनियुक्ति मिलने पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने इसे गांव के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उनका भव्य स्वागत किया।
किशनलाल गुर्जर ने वर्ष 2011 में मात्र 38 वर्ष की आयु में सेकेंड ग्रेड शिक्षक के रूप में अपने शिक्षकीय करियर की शुरुआत की। उन्होंने सबसे पहले टिकर विद्यालय में सेवाएं दीं, इसके बाद एक वर्ष तक आमेट के विवेकानंद मॉडल स्कूल में कार्य किया।
वर्ष 2015 में उनका चयन व्याख्याता (लेक्चरर) के पद पर हुआ, जहां उन्होंने उदयपुर जिले के साकरोदा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में सेवाएं दीं। इसके बाद वर्ष 2025 में वे राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पीपली अहिरान के प्रधानाचार्य बने। अब वर्ष 2026 में उन्हें आमेट का अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (ACBEO) नियुक्त किया गया है।
नियुक्ति की खबर मिलते ही करतवास गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों और शिक्षकों ने उनके निवास पहुंचकर साफा और एकलड़ी पहनाकर सम्मानित किया तथा उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
ग्रामीणों ने बताया कि किशनलाल गुर्जर के पिता भेरूलाल गुर्जर किसान हैं। साधारण किसान परिवार से निकलकर शिक्षा के क्षेत्र में इस मुकाम तक पहुंचना युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी सफलता मेहनत, लगन और समर्पण का परिणाम है, जिससे क्षेत्र के युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।













































