लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर/सुमेरपुर – पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग के कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत सिंदरू में 159 लाख रुपए की लागत से बनने वाले नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का शिलान्यास किया।
मंत्री कुमावत ने बताया कि नया भवन 6 बेड की सुविधा, रिसेप्शन, वेलनेस सेंटर, ओपीडी कक्ष, लेबर रूम, लैब और एमओ आवास सहित आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। निर्माण कार्य लगभग 8 माह में पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी, जिससे बड़े शहरों में जाने की जरूरत कम हो जाएगी। यह केंद्र मातृ-शिशु स्वास्थ्य, नियमित जांच और प्राथमिक उपचार जैसी सेवाएं प्रदान करेगा।
सिंदरू में आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री ने 75 लाख रुपए की लागत से बनी तीन किलोमीटर लंबी सड़क (स्टेट हाईवे-16, कमल विहार जैन तीर्थ सांडेराव से सिंदरू) का लोकार्पण भी किया। यह सड़क पीडब्ल्यूडी द्वारा निर्मित की गई है और स्थानीय वाहनों के लिए आवाजाही को सुगम बनाएगी।
इस अवसर पर सुमेरपुर नगरपालिका चेयरमैन अनोप सिंह, बीसीएमओ गोविंद सिंह चुंडावत, रिटायर सीबीईओ परबत सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष पूनम सिंह, एनएचएम प्रोग्रामर प्रमोद गिरी, पीएचईडी एईएन खेमराज, उप सरपंच जितेंद्र सिंह और प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. रोहित कुमावत सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे।















































