लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां। कस्बे के सोनी मोहल्ले स्थित श्री श्याम सदन में रविवार को फागोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना, गणेश वंदना एवं गुरु वंदना के साथ हुआ।
लखदातार महिला मंडल, चारभुजा महिला मित्र मंडल एवं श्री श्याम महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में ठाकुरजी की विशेष पूजा कर फूलों और गुलाल से होली खेली गई। लखदातार को खीर एवं चूरमा का भोग अर्पित किया गया।
इस अवसर पर “रंग मत डारे रे सांवरिया…”, “काला-काला कहे गूजरी…”, “कारी कामर वारे ने जुल्म कर डारो री…”, “मेरे बांके बिहारी लाल खेलत होरी…”, “खाटू वाला श्याम तेरी शरण में आ गए…”, “कीर्तन की है रात बाबा आज थाने आनो है…” तथा “फागुण आयो रे…” जैसे पारंपरिक फाग गीतों और भजनों की प्रस्तुतियों पर महिलाएं झूम उठीं। भक्ति संगीत की मधुर स्वर लहरियों के बीच श्रद्धालु देर तक नृत्य करती रहीं।
महिलाओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर एवं पुष्पवर्षा कर प्रेम और सौहार्द का संदेश दिया। अंत में महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर फागोत्सव के रंगों में सराबोर नजर आया।

















































