शहीदों की सहादत से ले युवा प्रेरणा– गृह राज्यमंत्री जवाहरसिंह बेढम

0
119
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

डीग ।
गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम ने कहा कि देश की सीमाएं हमारे वीर जवानों की बदौलत सुरक्षित हैं। आम नागरिक चैन की नींद सो रहा है तो इसके पीछे हमारे शहीदों का सर्वोच्च बलिदान है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शहीदों की शहादत से प्रेरणा लें और उनकी जन्म एवं पुण्यतिथि पर कार्यक्रम आयोजित करें।

गृह राज्य मंत्री गुरुवार को कुम्हेर पंचायत समिति के ग्राम हेलक में आयोजित शहीद प्रभुसिंह गुर्जर प्रतिमा अनावरण समारोह को संबोधित कर रहे थे।

भारत 21वीं सदी का मजबूत देश – बेढम

राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने साबित कर दिया है कि वह 21वीं सदी का मजबूत इरादों और शक्ति संपन्न देश है। आज भारत वैश्विक स्तर पर आतंकवाद के खिलाफ खड़ा है। हमारी सीमाओं पर सेना को खुली छूट देकर आतंकवाद का सफाया किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आईटीबीपी के जवान प्रभुसिंह गुर्जर ने देश की सेवा में प्राण न्यौछावर कर सर्वोच्च बलिदान दिया, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। वे सदैव युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।

ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र

बेढम ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हमारी सेनाओं ने आतंकवादियों को जिस प्रकार से मुंहतोड़ जवाब दिया, उसे पूरा विश्व देखता रहा। पाकिस्तान के इरादों को कुछ ही समय में नेस्तनाबूत कर दिया गया।

राज्य सरकार की विकास योजनाएं

राज्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार युवाओं, महिलाओं, किसानों, मजदूरों एवं उद्यमियों सहित सभी वर्गों के लिए कार्य कर रही है। डीग और भरतपुर जिला तेज़ी से विकास पथ पर अग्रसर है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राम जलसेतु परियोजना से गांवों में शुद्ध पेयजल एवं किसानों को सिंचाई का पानी उपलब्ध होगा, जिससे पूर्वी राजस्थान हरा-भरा होगा।

उन्होंने ग्रामीणों को बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाकर देश सेवा के लिए तैयार करने का आह्वान किया।

अतिथियों का स्वागत व प्रतिमा अनावरण

इससे पूर्व गृह राज्यमंत्री बेढम व क्षेत्रीय विधायक डॉ. शैलेश दिगंबर सिंह का ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। दोनों ने शहीद प्रभुसिंह गुर्जर की प्रतिमा का अनावरण किया और पुष्पचक्र अर्पित किए। साथ ही वीरांगना श्रीमती धर्मावती एवं पुत्र अनंत व विनय गुर्जर का माल्यार्पण कर सम्मान किया।

विधायक शैलेश सिंह का संबोधन

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. शैलेश सिंह ने कहा कि शहीद प्रभुसिंह ने देश सेवा में प्राण न्यौछावर कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी शहादत आने वाले वर्षों तक युवाओं को प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए सड़कों को पक्का करवाने और मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने का भरोसा दिलाया।

समारोह में उपस्थित गणमान्य

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष शिवानी दायमा, कुम्हेर प्रधान देवी सिंह, सतवीर सिंह चंदीला, महेंद्र सिंह खेड़ला, केशव कमांडो, जगत सिंह, सरपंच गौरव लुधावई, केदार बारां, राजेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
डॉ. गजेंद्र सिंह और प्रो. योगेंद्र सिंह ने शहीद प्रभुसिंह के जीवन पर प्रकाश डालते हुए गांव हेलक की प्रमुख समस्याओं की जानकारी दी।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here