सेठन गांव में खेत की बाड़ में आग, ग्रामीणों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टला

0
38
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

पीसांगन (अजमेर), स्थानीय संवाददाता: ओमप्रकाश चौधरी।
पीसांगन थाना क्षेत्र के सेठन गांव में गोविंदगढ़ रोड स्थित एक खेत की बाड़ में सोमवार शाम अचानक आग लग गई। समय रहते ग्रामीणों की सूझबूझ और तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अखेपुरा निवासी जवान सिंह रावत के खेत की सूखी झाड़ियों और बाड़ में अचानक लपटें उठने लगीं। धुआं उठता देख आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए।

ग्रामीणों ने पानी का टैंकर मंगवाकर करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। इस दौरान खेत की बाड़ और सूखी घास जलकर राख हो गई, लेकिन आग आसपास के खेतों तक नहीं पहुंच सकी, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।

घटना की सूचना रामपुरा डाबला प्रशासक सीमा चौधरी द्वारा पीसांगन थानाधिकारी सरोज चौधरी को दी गई। सूचना पर थाने से हेड कांस्टेबल अरुण सिंह नाथावत और बिट अधिकारी लोकेश जाखड़ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार तेज गर्मी, किसी राहगीर द्वारा फेंकी गई बीड़ी-सिगरेट या शॉर्ट सर्किट आग लगने का कारण हो सकता है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here