लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
सेमारी (सलुम्बर) बी.एल. जोशी
सेमारी कस्बे के बस स्टैंड स्थित अम्बे माता मंदिर में समस्त ग्रामवासियों की उपस्थिति में शारदीय नवरात्रि का शुभारंभ धूमधाम के साथ हुआ। मंदिर में मंत्रोच्चार और पूजा-पाठ के साथ नौ दिवसीय नवरात्रि महोत्सव की शुरुआत की गई। मंदिर और आसपास की सड़कें स्वागत गेट और रंग-बिरंगी लाइटिंग डेकोरेशन से सजाई गईं। माता जी के शिखर को आकर्षक रोशनी से रोशन किया गया।
जय अम्बे गरबा मंडल ग्रुप के कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजन को भव्यता प्रदान किया गया। मंदिर में प्रतिदिन सुबह और शाम महाआरती के साथ नौ दिवसीय गरबा रास का आयोजन होगा। हिंदी और गुजराती गरबे की थाप पर माता की आराधना और भक्तिमय वातावरण के बीच भक्त श्रद्धालु गरबा रास में हिस्सा लेंगे।
इसके साथ ही सेमारी कस्बे के गातोड़ जी मंदिर, भीमपुर गांव स्थित कल्लाजी मंदिर, खाकल देव मंदिर सहित आसपास के दर्जनों गांवों के मठ-मंदिरों में भी नवरात्रि की घटस्थापना, पूजा-अर्चना और भजन-सत्संग का आयोजन किया जा रहा है।


















































