लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
उपखंड क्षेत्र की पंचायत मुख्यालय ककोड़ पर आयोजित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय सम्बल पखवाड़े के तहत शिविर का आयोजन उपखंड अधिकारी उनियारा शस्त्रुध्न गुर्जर की अध्यक्षता में किया गया। शिविर में देवली उनियारा विधायक राजेन्द्र गुर्जर व जिलाप्रमुख टोंक सरोज बंसल ने शिरकत कर जन समस्याएं सुनी। इस दौरान शिविर में देवली उनियारा विधायक राजेन्द्र गुर्जर ने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य आम जन की समस्याओं का निस्तारण कर अन्तिम छोर के व्यक्ति को राहत पहुंचाना है।उन्होंने शिविर में उपस्थित अधिकारियों को जन समस्याओं के निस्तारण में नियमानुसार कार्यवाही कर शीध्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विधुत विभाग के सहायक अभियंता अजय सिंह को क्षेत्र में विधुत संबंधित शिकायतों, अवैध कटौती व समस्याओं का निस्तारण त्वरित गति से करने की विशेष हिदायत दी।रामपुरा धाकडान में मुख्य मार्ग पर पानी कीचड़ की ग्रामीणों द्वारा शिकायत करने पर उन्होंने शिविर में उपस्थित विकास अधिकारी शंकर लाल मेघवाल को निर्देशित किया।जिला प्रमुख सरोज बंसल ने शिविर की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिविर का उद्देश्य पंचायत स्तर पर ही एक ही छत के नीचे सभी विभागों की समस्याओं का निदान कर आम जनता को राहत दिलाना है।
इस दौरान कई ग्रामीणों ने पेयजल, अघोषित कटौती ,रास्तों में कीचड़, पानी का भराव, आंगनबाड़ी केंद्र का क्षतिग्रस्त भवन, खेतों पर जाने का मार्ग सहित अन्य समस्याएं विघायक व जिलाप्रमुख से की।जिस पर विधायक, जिला प्रमुख व उपखंड अधिकारी ने संम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के निस्तारण के आवश्यक दिशा निर्देश दिए।विभागीय अधिकारियों ने अपने विभाग में संचालित जनहितैषी सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उनसे लाभान्वित होने की अपील की। शिविर के दौरान बंटवारा प्रकरण का आपसी सहमति से बंटवारा करवा कर नामान्तरण खोला गया।साथ ही चार अन्य बंटवारे के प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
शिविर में विधायक गुर्जर ने नौ पट्टो, दवाई किट व पर्यावरण सुरक्षा के लिए पौधे सहित मृदा स्वास्थ्य कार्डों का वितरण किया। इस दौरान तहसीलदार उनियारा प्रवीण कुमार सैनी, ब्लॉक सी एच एम ओ डॉ मनीष लोदी, प्रशासक सरपंच ककोड़ रामबिलास गुर्जर, विकास अधिकारी शंकरलाल मेघवाल , ग्राम विकास अधिकारी शैलेन्द्र सिंह, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी हरिराम मीणा, भाजपा पदाधिकारी व पूर्व प्रधान सोनम गोलेछा,भाजपा ककोड़ मंडल अध्यक्ष महावीर गुर्जर, मंडल उपाध्यक्ष रामदयाल जांगिड़,भाजपा मंडल अध्यक्ष अलीगढ़ महावीर पालीवाल, सी आर प्रकाश जाट, महावीर प्रजापत, गिरदावर, पटवारी पंचायत ग्राम विकास अधिकारी सहित सभी विभागीय अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित थे।














































