लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
— आधी मांगों पर बनी सहमति, बाकी पर 15 दिन का अल्टीमेटम
राजसमंद | रिपोर्ट: गौतम शर्मा
राजसमंद। रूपाखेड़ा टोल प्लाजा पर शुक्रवार आधी रात से अपनी 5 सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठे टोल कर्मचारियों और टोल प्रबंधन के बीच आखिरकार बातचीत से समाधान का रास्ता निकल आया। करीब दो घंटे चली बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच आधी मांगों पर सहमति बनी, जबकि शेष मुद्दों के समाधान के लिए 15 दिन का समय तय किया गया है।
हड़ताल की शुरुआत
शुक्रवार देर रात टोल कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार करते हुए ऑफिस गेट पर टेंट लगाकर धरना शुरू कर दिया था। कर्मचारियों का कहना था कि वे लंबे समय से अपने वेतन, काम के घंटे और सुविधाओं से जुड़ी मांगों को लेकर प्रबंधन से चर्चा कर रहे थे, लेकिन समाधान नहीं मिला।
बातचीत से निकला समाधान
मामले की जानकारी मिलते ही पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष मानसिंह बारहठ, कुंवारिया तहसीलदार सुंदरलाल मीणा, कुंवारिया सरपंच ललित श्री माली, और थानाधिकारी उदयलाल बरगट मौके पर पहुंचे। उन्होंने टोल प्रबंधन के अधिकारी अरुण बगेल, टोल मैनेजर राकेश दायमा और अमित कुमार को बुलवाया।
करीब दो घंटे चली वार्ता में कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच आधी मांगों पर तत्काल सहमति बन गई। बाकी बिंदुओं पर टोल प्रबंधन ने 15 दिन का समय मांगा, जिस पर कर्मचारियों ने भरोसा जताया और हड़ताल अस्थायी रूप से समाप्त कर दी।
महिला कर्मचारियों की शिकायतों का भी हुआ निपटारा
वार्ता के दौरान महिला कर्मचारियों द्वारा उठाई गई शिकायतों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने संबंधित मुद्दों को तुरंत सुलझाने का आश्वासन दिया।
इस दौरान एडवोकेट महेश सेन, देवेंद्र गुर्जर, गिरिराज काबरा, टोल यूनियन प्रतिनिधि रामसिंह, विजय गुर्जर, पंन्नालाल सहित बड़ी संख्या में टोल कर्मचारी उपस्थित रहे।
टोल कर्मियों ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों में सभी मांगों का समाधान नहीं हुआ, तो वे फिर से हड़ताल पर जाने को बाध्य होंगे।













































