रियांबड़ी बजरी लीज पाइंट हिंसा मामले में 16 आरोपी गिरफ्तार

0
23
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

पादू कलां/नागौर | प्रदीप कुमार डागा

रियांबड़ी स्थित बजरी लीज पाइंट पर आगजनी, पथराव और लूटपाट के गंभीर मामले में नागौर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशा राम चौधरी के निर्देशन एवं वृत्ताधिकारी डेगाना अजीतपाल के सुपरविजन में पादू कलां थाना पुलिस द्वारा की गई।

लाखों-करोड़ों की संपत्ति को पहुंचाया नुकसान

पुलिस के अनुसार, पीड़ित सुशील जाजड़ा की रिपोर्ट में बताया गया कि 07 जुलाई 2025 की रात 40–50 लोगों का समूह लाठी-सरिया, कुल्हाड़ी और पेट्रोल लेकर लीज पाइंट पर घुसा और स्टाफ पर हमला कर दिया। इस दौरान करीब 41 लाख रुपये की संपत्ति (केबिन, सीसीटीवी, कंप्यूटर आदि) को नुकसान पहुंचाया गया।

इसके साथ ही लगभग 5 करोड़ रुपये मूल्य की जेसीबी, एलएनटी मशीनें, कैम्पर और क्रेटा गाड़ी में आगजनी व तोड़फोड़ की गई तथा 13 लाख रुपये नकद लूट की भी बात सामने आई है।

अगले दिन 08 जुलाई को भी 100–150 लोगों द्वारा पुनः हमला कर बची हुई मशीनों को क्षतिग्रस्त किया गया।

व्हाट्सएप ग्रुप से रची गई साजिश

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने “मां करणी औरण व गोचर लूणी बचाओ ग्रुप” नामक व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए हमले की साजिश रची थी। इसी ग्रुप के माध्यम से भीड़ जुटाकर हिंसा और आगजनी की योजना बनाई गई थी।

पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।

16 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने रियांबड़ी और आसपास के क्षेत्रों से 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें भगवानपुरा, झीटीया, रियांबड़ी, सुरियास और अन्य गांवों के लोग शामिल हैं।

जांच जारी

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा मोबाइल फॉरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here