लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रियांबड़ी (नागौर)। राजस्थान सरकार के दो वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण होने के उपलक्ष्य में स्वायत्त शासन विभाग के निर्देशानुसार नगर पालिका रियांबड़ी द्वारा स्वच्छता एवं जन-जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सीनियर गवर्नमेंट स्कूल एवं बजरंगगढ़ बालाजी मंदिर परिसर में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम के तहत स्कूल परिसर में पेंटिंग प्रतियोगिता, स्वच्छता शपथ तथा रंगोली निर्माण जैसी गतिविधियां करवाई गईं। विद्यार्थियों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक मुक्त समाज की थीम पर आकर्षक रंगोलियां बनाकर जनमानस को स्वच्छता का संदेश दिया।
इस अवसर पर नगर पालिका रियांबड़ी के अधिशासी अधिकारी धर्मेन्द्र, विकास अधिकारी भंवरलाल (पंचायत समिति रियांबड़ी), तहसीलदार अशोक कुमार मेघवाल, एडवोकेट रामकिशोर तिवाड़ी, भाजपा मंडल अध्यक्ष भंवर सिंह राठौड़, स्कूल प्रिंसिपल प्रमिला देवी तथा सहायक विकास अधिकारी जगदीश सैनी उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों को स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए दैनिक जीवन में स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित किया।
नगर पालिका द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वच्छ और स्वस्थ समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
















































