लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
खानपान व्यवस्था व यात्री सुविधाओं पर रहा विशेष फोकस
अजमेर | नितिन मेहरा
रेलवे बोर्ड के अपर सदस्य अमित वर्धन ने अजमेर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनका मुख्य फोकस स्टेशन की खानपान व्यवस्था, आईआरसीटीसी बेस किचन एवं विभिन्न खानपान इकाइयों पर रहा।
अमित वर्धन ने वंदे भारत और शताब्दी एक्सप्रेस में यात्रियों को परोसे जाने वाले भोजन की बेस किचन, फूड प्लाजा, जनआहार सहित अन्य खानपान इकाइयों का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने खानपान की गुणवत्ता को और अधिक बेहतर बनाने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को भोजन संबंधी किसी भी प्रकार की शिकायत का सामना न करना पड़े।
उन्होंने खानपान से जुड़े सभी संविदा कर्मियों को क्यूआर कोड युक्त पहचान पत्र (आईकार्ड) अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश भी दिए। इसके साथ ही अपर सदस्य ने ‘वन स्टेशन–वन प्रोडक्ट (ओएसओपी)’ स्टॉल का निरीक्षण किया और मंडल की सभी ओएसओपी स्टॉल को अधिक से अधिक प्रोत्साहन देने के निर्देश दिए, जिससे यात्रियों को संबंधित स्टेशन की लोकप्रिय एवं विशिष्ट वस्तुएं सहजता से उपलब्ध हो सकें।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध खाद्य एवं पेय पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की तथा यात्रियों से खानपान व्यवस्था को लेकर फीडबैक भी लिया। इसके अतिरिक्त उन्होंने स्टेशन के पुनर्विकास (री-डेवलपमेंट) कार्यों की प्रगति के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक विकास बूरा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव, स्टेशन प्रबंधक रवीश कुमार, सहायक वाणिज्य प्रबंधक राजकुमार स्वर्णकार सहित अन्य रेल अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
















































