लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर करेंगे परिणाम घोषित, लाखों छात्रों का इंतजार खत्म
नितिन मेहरा, अजमेर।
अजमेर। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) ने कक्षा 12वीं (सीनियर सेकेंडरी) के परिणाम जारी करने की तारीख और समय की आधिकारिक घोषणा कर दी है। बोर्ड के अनुसार कला, विज्ञान और वाणिज्य तीनों संकायों का परिणाम 31 मार्च 2026 को सुबह ठीक 10:00 बजे एक साथ जारी किया जाएगा।
शिक्षा मंत्री करेंगे लॉन्च
प्रदेश के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर जयपुर से ऑनलाइन माध्यम के जरिए परिणाम जारी करेंगे। इस दौरान बोर्ड के प्रशासक शक्ति सिंह राठौड़ और सचिव गजेंद्र सिंह राठौड़ भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहेंगे।
पहली बार मार्च में जारी होगा रिजल्ट
राजस्थान बोर्ड के इतिहास में यह पहली बार है जब 12वीं के तीनों संकायों के परिणाम मार्च महीने में ही घोषित किए जा रहे हैं। आमतौर पर परिणाम मई-जून में जारी होते थे, लेकिन इस बार डिजिटल मूल्यांकन प्रक्रिया के चलते रिकॉर्ड समय में कॉपियों का मूल्यांकन पूरा किया गया है।
ऐसे चेक करें अपना रिजल्ट
रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र निम्न वेबसाइट्स पर अपना परिणाम देख सकेंगे:
- rajeduboard.rajasthan.gov.in
- rajresults.nic.in
इसके अलावा छात्र SMS के जरिए भी रिजल्ट प्राप्त कर सकते हैं:
- RJ12 <Roll Number> लिखकर 5676750 पर भेजें
छात्रों में उत्साह और उत्सुकता
करीब 8 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं इस परीक्षा परिणाम का इंतजार कर रहे हैं। परिणाम की घोषणा को लेकर प्रदेशभर में उत्साह के साथ-साथ हल्की घबराहट का माहौल भी देखा जा रहा है।
बोर्ड प्रशासन ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें और केवल आधिकारिक वेबसाइट्स पर ही भरोसा करें।


















































