लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
यहां प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी भगवान जगन्नाथ की पुरी में निकलने वाली रथयात्रा की तर्ज पर श्री चारभुजा नाथ की रथयात्रा निकाली गई। रथ यात्रा में श्रद्धालु भक्तों का सैलाब उमड पड़ा। गढ़ रोड स्थित चारभुजा नाथ मंदिर में प्रातः आचार्य द्वारा विधि विधान से पूजा अर्चना कर भगवान की आरती की गई। इसके बाद समाजसेवी नरेश गुर्जर द्वारा भगवान के विग्रह को सिर पर धारण कर फूलों से सुसज्जित रथ में विराजमान किया गया। भक्तों ने भगवान जगन्नाथ के लगाए जयकारे से आकाशीय आभा को गुंजायमान कर दिया।
बैंड बाजे की सुमधुर भजनों की धुन के साथ रथ यात्रा रवाना हुई। जो गढ़ रोड़, कटला गेट, मुख्य बाजार, न्यूमार्केट, ककोड़ गेट, सरदार सिंह सर्किल होते हुए ।नैनवां रोड़ स्थित शिव मंदिर पहुंची । बैंड बाजे के भजनों पर श्रद्धालु भक्त झूम उठे। जगह-जगह श्रद्धालु भक्तों द्वारा भगवान जगन्नाथ की आरती उतारी गई। विभिन्न धार्मिक संगठन गीता सत्संग मंडल,राम रघुनाथ जल सेवा समिति, सहित गढ़ रोड, सदर बाजार, न्यू मार्केट, देवकटला बाजार द्वारा पुष्प वर्षा कर ठंडाई, शरबत, शीतल जल, कोल्ड ड्रिंक पिलाई गई।
शिव मंदिर पहुंचने पर रथ यात्रा को विश्राम दिया गया। जहां महिला भक्तों द्वारा रामधुनी व भजन गाए गए। अल्प विश्राम के बाद भगवान की आरती उतारी गई।भक्तों को प्रसाद वितरण किया गया। रथ यात्रा शिव मंदिर से वापस विभिन्न मार्ग होती हुई चारभुजा नाथ मंदिर पहुंची। रथ यात्रा में शंकर लाल ठाडा, रमेश बढ़ाया, बलभद्र सिंह, मनोज चतुर्वेदी, पवन जोशी, नरेश गुर्जर, जगदीश साहू, मदन आकड, अशोक गगरानी, आसाराम सारण, रमेश जांगिड़, मंदिर पुजारी गोपाल शर्मा, मोहन बढ़ाया, नमो गौतम सहित बड़ी संख्या में महिला पुरुष भक्त उपस्थित थे।










































