लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
चौमहला, झालावाड़। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत चौमहला कस्बे में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्रीय विधायक कालूराम मेघवाल ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा और दिलों में देशभक्ति का जज्बा लिए बड़ी संख्या में नागरिकों ने यात्रा में सहभागिता कर राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। देशभक्ति के माहौल से सराबोर इस आयोजन में युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस अवसर पर विधायक कालूराम मेघवाल ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता, स्वाभिमान, गौरव और वीरता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगे का सम्मान करना प्रत्येक भारतीय का कर्तव्य और गौरव है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में राष्ट्रभक्त नागरिक उपस्थित रहे। तिरंगा यात्रा में लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। हर हाथ में तिरंगा और हर हृदय में राष्ट्र के प्रति सम्मान की भावना ने आयोजन को यादगार बना दिया।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से देशवासियों को राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान के तहत नागरिकों से 9 से 17 अगस्त तक अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर जवानों के बलिदान को नमन करने का आह्वान किया गया।















































