लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक) शहर में शुक्रवार को कार्तिक मास की रमा एकादशी पर श्रद्धा और आस्था का विशेष माहौल रहा। इस अवसर पर स्थानीय मंदिरों — चारभुजा नाथ, राम रघुनाथ, छप्पन जी महाराज, प्याल के बालाजी और सत्यनारायण मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
सुबह महिलाओं ने मंदिर की सीढ़ियों को धोकर दीपक जलाए और पुष्प अर्पित कर मंदिर में प्रवेश किया। कार्तिक स्नान कर आई महिलाओं ने भगवान विष्णु और देवी महालक्ष्मी की विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान भजन-कीर्तन के साथ भक्तों ने धार्मिक माहौल को और भी भक्तिमय बना दिया।
श्रद्धालुओं ने तुलसी माला फेरते हुए 108 परिक्रमा की और कथा श्रवण किया। श्रद्धालु रमेश जांगिड़ ने बताया कि रमा एकादशी का व्रत करने से सुख-समृद्धि और सौभाग्य की प्राप्ति होती है। महिलाओं ने दिनभर उपवास रखकर शाम को फलाहार के साथ व्रत खोला और विश्व शांति एवं परिवार के कल्याण की कामना की।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं और श्रद्धालु उपस्थित रहे। मंदिरों में दिनभर धार्मिक कार्यक्रमों की छटा बनी रही।













































