लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर, पादूकलां । करीब बारह दिन पहले पिता को खोने वाले गोठड़ा गांव के चार मासूम बच्चों को अब सरकार की योजनाओं से जोड़ा जाएगा, ताकि उनका पालन-पोषण और शिक्षा बिना बाधा जारी रह सके। बाल कल्याण समिति न्यायपीठ नागौर के अध्यक्ष डॉ. मनोज सोनी को सूचना माध्यमों के जरिए परिवार की स्थिति का संज्ञान मिला, जिसके बाद वे स्वयं पीड़ित परिवार के घर पहुंचे।
डॉ. सोनी ने मौके पर मृतक परिवार की आर्थिक हालत का आकलन किया। उन्होंने पाया कि मृतक के दो बच्चे स्कूल जाते हैं, जबकि सबसे छोटी बच्ची मात्र दो माह की है। परिवार में कमाने वाला कोई नहीं होने से हालात गंभीर थे। समिति अध्यक्ष ने तत्काल बालकों की सामाजिक जांच रिपोर्ट तैयार की और उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू करवाई।
डॉ. सोनी ने बताया कि जिला बाल संरक्षण इकाई व शिक्षा विभाग के माध्यम से स्कूल जाने वाले बच्चों को पालनहार योजना से जोड़ने की कार्रवाई शीघ्र की जाएगी। साथ ही सभी बच्चों की शिक्षा व विकास से संबंधित कार्य नियमानुसार करवाए जाएंगे।
परिवार की दयनीय स्थिति देखते हुए उन्होंने मृतक की पत्नी और बुजुर्ग दादा को भरोसा दिलाया कि बच्चों की पढ़ाई और देखरेख की जिम्मेदारी समिति निभाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे जरूरतमंद परिवारों की जानकारी बाल कल्याण समिति, स्थानीय प्रशासन या चाइल्ड हेल्पलाइन को अवश्य दें, ताकि समय पर बच्चों की सहायता हो सके।















































