लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
लोकेशन: पीसांगन, अजमेर
स्थानीय संवाददाता: ओमप्रकाश चौधरी
पीसांगन, अजमेर। राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ पर “नव उत्थान–नई पहचान, बढ़ता राजस्थान–हमारा राजस्थान” कार्यक्रम के तहत पीसांगन उपखंड क्षेत्र के रामपुरा डाबला, फतेहपुरा, गोविंदगढ़ और जसवंतपुरा गांवों में एलईडी विकास रथ के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया।
विकास रथ के आगमन पर प्रशासक सीमा चौधरी, जगपालसिंह शक्तावत, पप्पूदेवी बोकोलिया और ग्रामीणों ने राजस्थानी परंपरा अनुसार अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर विधानसभा प्रभारी तारासिंह रावत, संदीप ढंझा, विकास अधिकारी सोहनलाल डारा, नायब तहसीलदार हनुमान मीणा और अतिरिक्त विकास अधिकारी चन्द्रनारायण चौधरी मौजूद रहे।
जिला प्रशासन और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त तत्वाधान में संचालित इस विकास रथ के माध्यम से ग्रामीणों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार की अल्प अवधि में किए गए ऐतिहासिक जनहित निर्णयों की जानकारी दी गई।
रथ में किसानों, महिलाओं, युवाओं और श्रमिकों के सशक्तिकरण, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, समयबद्ध परीक्षा आयोजन, “राइजिंग राजस्थान” और “प्रवासी राजस्थान” जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदेश में विकास की नई दिशा देने से जुड़े ऑडियो-वीडियो प्रदर्शन किए गए।
इसके अलावा रथ में सुझाव पेटिका भी रखी गई, जिसमें आमजन ने अपने विचार और सुझाव दिए। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी दिखाई।