लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
आरएलपी प्रमुख ने चुनावी तैयारियों पर की चर्चा, प्रभार वाले जिलों की रिपोर्ट पार्टी मुख्यालय में देने के निर्देश
नागौर। पंचायती राज चुनावों की तैयारियों को लेकर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल के आवास पर बुधवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की आवाजाही रही। बेनीवाल ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से मुलाकात कर आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर चर्चा की।
बेनीवाल ने पंचायती राज चुनाव के लिए प्रभारी बनाए गए पार्टी नेताओं को अपने-अपने प्रभार वाले जिलों का दौरा करने और वहां की चुनावी स्थिति की विस्तृत रिपोर्ट पार्टी मुख्यालय को सौंपने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय परिस्थितियों और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए पार्टी प्रत्याशियों का चयन करेगी।
पंचायत चुनाव को बताया महत्वपूर्ण
आरएलपी प्रमुख ने कहा कि पंचायती राज चुनाव लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से गांवों तक संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
बेनीवाल ने कहा कि आरएलपी का प्रयास है कि पार्टी के अधिक से अधिक प्रतिनिधि चुनाव जीतकर पंचायत समितियों और जिला परिषदों तक पहुंचें, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके। उन्होंने कहा कि गांवों की मूलभूत समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए स्थानीय स्तर पर मजबूत जनप्रतिनिधित्व जरूरी है।
‘व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई लड़ रही आरएलपी’
हनुमान बेनीवाल ने कहा कि आरएलपी व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई लड़ रही है और पंचायती राज चुनाव पार्टी के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों को लेकर सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही।
‘पार्टी के पक्ष में सकारात्मक परिणाम की उम्मीद’
बेनीवाल ने कहा कि मौजूदा चुनावी माहौल को देखते हुए आरएलपी को सकारात्मक परिणाम की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि पार्टी राजस्थान में तीसरी ताकत के रूप में पंचायती राज चुनाव मैदान में उतर रही है और संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।
पार्टी की ओर से अब प्रभार वाले जिलों में नेताओं के दौरे और जमीनी फीडबैक के आधार पर आगामी चुनावों के लिए रणनीति तैयार किए जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।