लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। नेहरू रोड स्थित महेश प्राइमरी स्कूल में भीलवाड़ा महेश क्रेडिट कॉ ऑपरेटिव सोसायटी लि. की 13वीं वार्षिक आम सभा आयोजित हुई। सभा में अध्यक्ष दिनदयाल मारू ने कहा कि सोसायटी की तरक्की में सभी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी बहुत महत्वपूर्ण है। “सभी सदस्य एक-एक सदस्य जोड़ें, तो सोसायटी निश्चित ही उन्नति की ओर बढ़ेगी,” उन्होंने कहा।
सभा की शुरुआत महेश वंदना और दीप प्रज्वलन से हुई। सचिव श्याम सुंदर नोलखा ने सोसायटी के अब तक के क्रियाकलापों, वित्तीय प्रदर्शन और संचालक मंडल द्वारा लिए गए निर्णयों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। कोषाध्यक्ष आलोक पलोड़ ने वार्षिक खाते आम सभा में रखे, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। अध्यक्ष मारू ने 7 प्रतिशत लाभांश की घोषणा की, जिसे भी आम सभा ने अनुमोदित किया।
सोसायटी के संरक्षक नवनीत सोमानी ने सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि सामाजिक सहयोग और एकता के बूते सकारात्मक कार्यों को नई दिशा दी जा सकती है। उन्होंने अधिक से अधिक सदस्यों को जोड़कर लाभ लेने का आह्वान किया और बैंक बनाने हेतु एनबीएफसी स्थापित करने का विशेष प्रस्ताव आम सभा के समक्ष रखा, जिसे सहर्ष स्वीकार किया गया।
सभा में रमेश राठी, सीए केसी, बाहेती, कैलाश चंद्र मून्दड़ा, दिनेश बांगड़ ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम चेचाणी, जिलाध्यक्ष अशोक कुमार बाहेती, नगर सभा अध्यक्ष केदार गगरानी का स्वागत किया गया।
सभा का संचालन मदन लाल खटोड़ ने किया। सोसायटी के प्रबंधक कैलाश अजमेरा, नेहा जैथलिया, प्रतिभा न्याती, नेहा मूंद्रड़ा, अंजना झंवर, सुहानी सामरिया आदि ने आयोजन में सहयोग प्रदान किया। सभा में उपाध्यक्ष एडवोकेट गोपाल अजमेरा, संचालक राकेश दरक, आशीष पोरवाल, अंजना मालू, आशा आगाल, राजेंद्र गंदोड़िया सहित लगभग 1500 सदस्यों ने भाग लिया। सभा के पश्चात स्नेह भोज का आयोजन भी किया गया।
