लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मूण्डवा और कुचेरा थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई; 114 बीयर बोतल, 803 देशी और 146 अंग्रेजी पव्वे बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
नागौर। आगामी पंचायती राज चुनावों को देखते हुए नागौर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। जिला पुलिस अधीक्षक आशा राम चौधरी के निर्देशन में 6 अक्टूबर 2026 को मूण्डवा और कुचेरा थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में अवैध देशी और अंग्रेजी शराब तथा बीयर बरामद की। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई सहायक पुलिस अधीक्षक जतिन जैन और मूण्डवा वृत्ताधिकारी धरम पुनिया के निकटतम सुपरविजन में की गई। मूण्डवा थानाधिकारी राजेश मीणा और कुचेरा थानाधिकारी हबीब खां के निर्देशन में पुलिस टीमों ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई को अंजाम दिया।
मूण्डवा पुलिस की कार्रवाई
मूण्डवा थाना पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 73 बीयर बोतल, 323 देशी शराब के पव्वे और 33 अंग्रेजी शराब के पव्वे बरामद किए। पुलिस ने मौके से 2,500 रुपये नकद भी जब्त किए।
इस मामले में पुलिस ने रतनाराम पुत्र सीवजी राम जाट, उम्र 52 वर्ष, निवासी जेसास अखेराज, थाना मूण्डवा को गिरफ्तार किया।
कुचेरा पुलिस ने भी पकड़ी अवैध शराब
इसी अभियान के तहत कुचेरा थाना पुलिस ने 41 बीयर बोतल, 480 देशी शराब के पव्वे और 113 अंग्रेजी शराब के पव्वे बरामद किए। कार्रवाई के दौरान 930 रुपये नकद भी जब्त किए गए।
कुचेरा पुलिस ने मामले में सुरेन्द्र पुत्र जगाराम मेघवाल, उम्र 31 वर्ष, निवासी फिरोजपुरा, थाना कुचेरा को गिरफ्तार किया।
कुल बरामदगी
दोनों कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 114 बीयर बोतल, 803 देशी शराब के पव्वे और 146 अंग्रेजी शराब के पव्वे जब्त किए। इसके साथ ही 3,430 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार आगामी पंचायत चुनावों के मद्देनजर अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इन टीमों ने की कार्रवाई
कार्रवाई में मूण्डवा थानाधिकारी राजेश मीणा मय पुलिस टीम, कुचेरा थानाधिकारी हबीब खां मय पुलिस टीम तथा जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय, नागौर की टीम शामिल रही।
