लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
हरियाणा से गुजरात के मोरबी ले जाने की आशंका, अमरपुरा के पास नाकाबंदी में पकड़ा ट्रेलर; चालक-खलासी गिरफ्तार
नागौर। (प्रदीप कुमार डागा) पंचायती राज चुनावों के मद्देनजर अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ नागौर सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 120 पेटी शराब बरामद की है। शराब की पेटियां चावल के कट्टों के बीच छिपाकर ट्रेलर में ले जाई जा रही थीं। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर चालक और खलासी को गिरफ्तार किया है।
सूचना के बाद अमरपुरा में नाकाबंदी
सदर थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि हरियाणा से ट्रेलर के जरिए अवैध शराब की खेप गुजरात के मोरबी क्षेत्र में पहुंचाई जानी है। शराब को चावल के कट्टों के बीच छिपाकर ले जाने की सूचना पर पुलिस ने नागौर सदर थाना क्षेत्र के अमरपुरा गांव के पास नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध ट्रेलरों को रुकवाकर जांच शुरू की। इसी दौरान चावल के कट्टों से भरा एक ट्रेलर वहां पहुंचा। पुलिस ने तलाशी ली तो कट्टों के बीच विभिन्न ब्रांडों की शराब की पेटियां छिपी मिलीं।
120 पेटी शराब बरामद
पुलिस ने ट्रेलर से कुल 120 पेटी अवैध शराब बरामद कर उसे जब्त कर लिया। कार्रवाई के बाद ट्रेलर को सदर थाना लाया गया। पुलिस ने मामले में ट्रेलर चालक और खलासी को गिरफ्तार कर लिया है।
शराब कहां पहुंचाई जानी थी, जांच जारी
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक सूचना में शराब की खेप हरियाणा से पश्चिमी राजस्थान अथवा गुजरात के किसी क्षेत्र में सप्लाई किए जाने की बात सामने आई थी। जांच के दौरान मोरबी में शराब पहुंचाए जाने की आशंका भी सामने आई है।
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप हरियाणा में कहां से रवाना हुई थी और इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। साथ ही इस अवैध परिवहन से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
एसएचओ के नेतृत्व में कार्रवाई
सदर थाना एसएचओ किताब चौधरी ने पुलिस अधीक्षक आसाराम चौधरी के निर्देशन में यह कार्रवाई की। पंचायती राज चुनावों को देखते हुए पुलिस की ओर से अवैध शराब के परिवहन पर निगरानी बढ़ाई गई है। इसी क्रम में सूचना के आधार पर नाकाबंदी कर ट्रेलर की जांच की गई, जिसमें शराब की खेप बरामद हुई।
मामले में पुलिस की जांच जारी है।