लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पेमल क्लब की बेटियों ने भी दिखाया दम
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)।
सुवाणा पंचायत समिति द्वारा आयोजित भगवान श्री बलराम पुरुष रस्साकशी प्रतियोगिता का रोमांचक मुकाबला जारी रहा। क्षेत्रीय युवाओं में खेल को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला। पुरुष वर्ग में दाँथल वीर तेजा क्लब ने अपने बाहुबल का परिचय देते हुए खिताबी जीत हासिल की।
प्रतियोगिता में वीर तेजा क्लब और बजरंग क्लब के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। दोनों टीमों ने जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी, लेकिन अंततः वीर तेजा क्लब विजेता बनकर ट्रॉफी अपने नाम कर गई। मैदान जय वीर तेजा और जय श्री बलराम के उद्घोष से गूंज उठा।
आयोजक रामपाल चौधरी (पांसल), भाजपा किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष, ने खेल भावना की सराहना करते हुए विजेता पेमल क्लब को 1100 रुपए का नकद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया। चौधरी ने कहा कि ऐसे आयोजन न केवल शारीरिक विकास के लिए लाभकारी हैं, बल्कि युवा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से भी दूर रहते हैं।
महिला वर्ग में भी प्रतिस्पर्धा जबरदस्त रही। संतोषी माँ क्लब और पेमल क्लब के बीच हुए मुकाबले में पेमल क्लब की खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। विजेता टीम की सदस्य कविता, कृष्णा, खुशी, रीना, सुगना, मंजू, सुमन, साक्षी, आरोही और मानवी ने अपने जुझारूपन से दर्शकों का दिल जीत लिया।
प्रतियोगिता के अगले चरण के तहत ग्राम पंचायत बड़ा महुआ में 22 दिसंबर को और सिदड़ियास में स्वामी विवेकानंद युवा संस्थान के तत्वावधान में महामुकाबला 23 दिसंबर को सायं 07:00 बजे टंकी के पास (मामा देव जी का स्थान) आयोजित होगा। आयोजक रामपाल चौधरी ने बताया कि पंचायत की टीमों को सायं 6:00 बजे अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी और सभी मैच पुरानी पंचायतों के नियमों के अनुसार संपन्न होंगे।
