लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां। पशुपालन विभाग के अतिरिक्त निदेशक, रेंज अजमेर नवीन परिहार ने राजकीय पशु चिकित्सालय पादूकलां का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने चिकित्सालय में साफ-सफाई, अभिलेख संधारण, दवाओं की उपलब्धता, पशु उपचार सेवाओं एवं विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान परिहार ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पशुपालकों को बेहतर, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सालय परिसर में संचालित गतिविधियों की जानकारी लेते हुए पशुधन विकास तथा पशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
अतिरिक्त निदेशक ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था में पशुपालन की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में पशुपालकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने पशुधन संरक्षण एवं विकास से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी बल दिया।
निरीक्षण के साथ ही पर्यावरण संरक्षण एवं फल संवर्धन अभियान के तहत चिकित्सालय परिसर में पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर नवीन परिहार ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। पौधे पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करते हैं।
इस अवसर पर डॉ. मृगांका कड़वा, पशुधन निरीक्षक सेठूराम तथा सजन भाटी सहित विभागीय कार्मिक उपस्थित रहे। निरीक्षण के अंत में अतिरिक्त निदेशक ने चिकित्सालय की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए सेवाओं को और अधिक जनहितकारी एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।













































